बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों ने किया शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय, ग्वालियर का शैक्षणिक भ्रमण

  • whatsapp
  • Telegram
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों ने किया शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय, ग्वालियर का शैक्षणिक भ्रमण
X


झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के डॉ. एस.आर. रंगनाथन पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों ने बुधवार को मध्य प्रदेश के शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय, ग्वालियर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक पुस्तकालय प्रबंधन, तकनीकी सुविधाओं, पुस्तकालय स्वचालन एवं पाठक सेवाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

वर्ष 1928 में स्थापित शासकीय केंद्रीय पुस्तकालय मध्य प्रदेश के सात संभागीय पुस्तकालयों में से एक है। सुविधाओं एवं सेवाओं की दृष्टि से इसे प्रदेश के सबसे बड़े पुस्तकालयों में गिना जाता है। पुस्तकालय में सवा लाख से अधिक पुस्तकों का संग्रह है तथा प्रतिदिन लगभग 800 से 1000 पाठक यहां विभिन्न पुस्तकालय सेवाओं का लाभ उठाते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया। उन्हें पुस्तकों की खरीद, वर्गीकरण, सूचीकरण, संग्रह प्रबंधन एवं पुस्तक आदान-प्रदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही पुस्तकालय स्वचालन में प्रयुक्त सॉफ्टवेयर एवं आधुनिक तकनीक की कार्यप्रणाली को समझाया गया।

क्षेत्रीय ग्रंथपाल राकेश कुमार शर्मा, पुस्तकालय अध्यक्ष पूजा साहू एवं लाइब्रेरी मैनेजर विवेक कुमार सोनी ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने पुस्तकालय प्रबंधन के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें भविष्य की पेशेवर आवश्यकताओं के लिए तैयार करना रहा।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. रितु सिंह, डॉ. रूपेंद्र सिंह, डॉ. निधि श्रीवास्तव, डॉ. विनोद कुमार सहित शोधार्थी आयुषी, अंकुर, सूर्यांशी, अंकिता, अदिति एवं नैंसी तथा बी.लिब.आई.एससी. एवं एम.लिब.आई.एससी. के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it