काव्यपाठ में गूंजा महारानी लक्ष्मीबाई का शौर्य और राष्ट्रप्रेम

  • whatsapp
  • Telegram
काव्यपाठ में गूंजा महारानी लक्ष्मीबाई का शौर्य और राष्ट्रप्रेम
X





झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को बुंदेली विरासत दीर्घा में कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, राष्ट्रप्रेम, बुंदेली संस्कृति और नारी चेतना को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं वरिष्ठ कवयित्री डॉ. ब्रजलता मिश्र ने सरस्वती वंदना के साथ काव्यपाठ का शुभारंभ किया। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा—

‘झाँसी की रानी से अपनी झाँसी की पहचान है,

स्वतंत्रता की दीपशिखा ये, भारत माँ की शान हैं।’

डॉ. निधि अग्रवाल ने प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को अभिव्यक्त करते हुए कहा—

‘वे सिक्के भी उछालेंगे,

तुम दिल का दाँव लगा बैठोगी।’

नई दिल्ली से आईं डॉ. मनीषा गिरी ने राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा—

‘सोना-चाँदी न फूलों के चमन के लिए,

ना ही सागर के मोती-रत्न के लिए,

प्रार्थना है यही मेरी भगवान से,

जान जाए तो जाए वतन के लिए।’

डॉ. सुधा दीक्षित की बुंदेलखंड की वीरता पर काव्य ‘यह धरा अनोखी है मेरी,

बुंदेलखंड जिसे कहते हैं।

पानी में आग भरी जिसके,

मिट्टी में शौर्य पलते हैं।’

डॉ. रंजना सिंह बुंदेला ने अपनी काव्य प्रस्तुति के माध्यम से महारानी लक्ष्मीबाई के साहस, संघर्ष और वीरांगना स्वरूप का चित्रण किया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी ने किया। संचालन डॉ. मनीषा गिरी ने किया तथा कला संकाय के अधिष्ठाता एवं हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पुनीत बिसारिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. अचला पाण्डेय, डॉ. नवीन चंद पटेल, डॉ. विपिन प्रसाद, डॉ. सुधा दीक्षित, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित, द्युति मालिनी, अतीत विजय, मनीष मंडल, अंबर दीक्षित, प्रदीप, प्रिंस, दिशांत, सौरभ एवं ऋतु सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it