बीबीएयू में ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने में सहकारिता की भूमिका एवं भविष्य की संभावनाओं पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित
सामूहिकता, सहभागिता और सहयोग की भावना ही सहकारिता का मूल आधार : प्रो. राज कुमार मित्तल बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू),...

सामूहिकता, सहभागिता और सहयोग की भावना ही सहकारिता का मूल आधार : प्रो. राज कुमार मित्तल बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू),...
सामूहिकता, सहभागिता और सहयोग की भावना ही सहकारिता का मूल आधार : प्रो. राज कुमार मित्तल
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में दिनांक 18 नवंबर 2026 को अर्थशास्त्र विभाग द्वारा राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड के सहयोग से 'भारत में सहकारिता का भविष्य एवं ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने में सहकारी समितियों की उभरती भूमिका : उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भ में (Future of Cooperation and Emerging Role of Cooperatives in Strengthening the Rural Development of India with Special Reference to Uttar Pradesh' विषय पर आयोजित की गयी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी शामिल रहे। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद के प्रो. संजय वर्मा, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी, डीन ऑफ अकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, अर्थशास्त्र विभाग, बीबीएयू के विभागाध्यक्ष प्रो. सनातन नायक एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से अतिथियों एवं शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। इसके पश्चात प्रो. सनातन नायक ने सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने और समावेशी आर्थिक प्रगति सुनिश्चित करने में सहकारिता आंदोलन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, सामूहिक जिम्मेदारी और परस्पर सहयोग की भावना पर आधारित एक व्यापक विचारधारा है। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "बिना संस्कार के उद्धार नहीं और बिना सहकार के संस्कार नहीं", जो सहकारिता के मूल दर्शन को स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त करता है। कुलपति जी ने बताया कि सहकारिता का मॉडल पूंजीवाद की तुलना में अधिक बेहतर विकल्प प्रस्तुत करता है, क्योंकि यह व्यक्तिवाद के स्थान पर सामूहिकता, सहभागिता और साझा विकास को प्राथमिकता देता है। वर्तमान समय में आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यावरणीय एवं सामाजिक स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) को भी ध्यान में रखना आवश्यक है, ताकि विकास की प्रक्रिया दीर्घकालिक और समावेशी बन सके। इस संदर्भ में उन्होंने भारतीय संस्कृति के प्रसिद्ध श्लोक "संगच्छध्वं संवदध्वं सं वो मनांसि जानताम्" का उल्लेख करते हुए सामूहिक चिंतन, संवाद और एकजुट होकर आगे बढ़ने की भावना को सहकारिता आंदोलन का आधार बताया। उन्होंने आज के युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने वाले बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें रोजगार सृजित करने वाले बनने की दिशा में प्रयास करना होगा। इसके लिए उद्यमिता, नवाचार और सहकारी संस्थाओं से जुड़ी संभावनाओं को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब युवा अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा सामूहिक विकास के लिए करेंगे, तभी आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी ने "गवर्नेंस में लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं प्रबंधन में व्यावसायिकता" विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की दीर्घकालिक सफलता और निरंतरता उसकी मजबूत व्यवस्थाओं एवं प्रभावी प्रबंधन प्रणाली पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संस्थान केवल पूंजी के आधार पर नहीं, बल्कि मजबूत संस्थागत व्यवस्था, अनुशासन, पारदर्शिता और विश्वसनीयता के आधार पर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के संदर्भ में कहा कि सहकारिता सदस्यों को स्वामित्व का भाव प्रदान करती है, जबकि कॉरपोरेट गवर्नेंस संस्थान में अनुशासन और विश्वसनीयता सुनिश्चित करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहकारी संस्थाओं का निर्माण केवल पूंजी से नहीं, बल्कि अच्छे चरित्र, आपसी विश्वास और सामूहिक मूल्यों से होता है। इस दौरान उन्होंने सीईओ के नेतृत्व में प्रभावी परिचालन व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता एवं नियमित ऑडिट, केपीआई आधारित प्रदर्शन मूल्यांकन, कौशल विकास तथा नेतृत्वकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श को संस्थागत मजबूती के लिए आवश्यक बताया।उन्होंने कहा कि सुशासन केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संस्थागत कार्यसंस्कृति और निरंतर अपनाई जाने वाली आदत है, जो संस्थाओं को अधिक सक्षम, जवाबदेह और टिकाऊ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद के प्रो. संजय वर्मा ने सहकारिता के आर्थिक एवं सामाजिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता ऐसी व्यवस्था है, जिसमें व्यक्ति न केवल अपने विकास के लिए, बल्कि अपने साथ जुड़े अन्य लोगों के हित और कल्याण के लिए भी कार्य करता है। इस प्रकार सहकारिता व्यक्तिगत प्रयासों को सामूहिक शक्ति में परिवर्तित करती है और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सहकारी व्यवस्था के माध्यम से व्यक्ति प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से एक सुदृढ़ अर्थव्यवस्था के निर्माण में अपना योगदान देता है।
यह व्यवस्था आपसी सहयोग, साझा जिम्मेदारी और संसाधनों के बेहतर उपयोग को प्रोत्साहित करती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक अवसरों का विस्तार होता है तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए साधन विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता का वास्तविक उद्देश्य सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सभी के विकास और आर्थिक सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त करना है।
डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने सहकारिता के सामाजिक एवं वैचारिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस समाज में सहकारिता की विचारधारा विकसित होती है, वह समाज एक आदर्श समाज के रूप में उभरता है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आकलन केवल उसकी वित्तीय एवं आर्थिक वृद्धि के आधार पर नहीं किया जा सकता, बल्कि यह भी देखना आवश्यक है कि सामाजिक स्तर पर उस समाज ने कितनी प्रगति और उपलब्धियां हासिल की हैं।सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों को गति देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी विश्वास, आत्मविश्वास, सहभागिता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि जब लोग मिलकर किसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए कार्य करते हैं, तो उनमें निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और सामाजिक जुड़ाव का भी विकास होता है। इस प्रकार सहकारिता आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक समरसता, समावेशिता और सामूहिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देकर एक बेहतर एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अंत में प्रो. एस. विक्टर बाबू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सहकारिता के विभिन्न आयामों, ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका एवं भविष्य की संभावनाओं पर एक पैनल चर्चा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।





