युवाओं को हुनरमंद बनाने की पहल: विश्वविद्यालय में निःशुल्क वेल्डिंग प्रशिक्षण शुरू

  • whatsapp
  • Telegram
युवाओं को हुनरमंद बनाने की पहल: विश्वविद्यालय में निःशुल्क वेल्डिंग प्रशिक्षण शुरू
X


*लखनऊ।* ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय ने युवाओं और श्रमिकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग की ओर से 18 नवंबर को ‘वेल्डिंग असिस्टेंट (आर्क एवं गैस वेल्डिंग)’ के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके तहत बेरोजगार युवाओं, श्रमिकों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और पढ़ाई बीच में छोड़ चुके युवाओं को व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति *प्रो. अजय तनेजा* ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक कौशल भी होना चाहिए। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि शिक्षा को रोजगार से जोड़ते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के कौशल को निखारने के साथ उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोलेंगे।

कुलसचिव श्री विकास ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। विश्वविद्यालय इस पहल के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों तक तकनीकी प्रशिक्षण की पहुंच सुनिश्चित कर रहा है।

यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सैयद असगर हुसैन रिजवी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आर्क एवं गैस वेल्डिंग की तकनीक, उपकरणों के इस्तेमाल, कार्यप्रणाली और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय की इंजीनियरिंग वर्कशॉप में दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री विवेक कुमार बाजपेयी, श्री बीरेन्द्र कुमार पटेल, श्री सत्येन्द्र कुमार और श्री शकील अली प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. अजय तनेजा, कुलसचिव श्री विकास एवं वित्त अधिकारी श्री संतोष कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसके समन्वयक श्री उन्नी किसन, डॉ. पीयूष पाल एवं श्री पंकज कुमार हैं।

विश्वविद्यालय की यह पहल कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को हुनर, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है।

Next Story
Share it