प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन पर भारत, रूस और बोत्सवाना के भूवैज्ञानिकों ने किया मंथन

  • whatsapp
  • Telegram
प्राकृतिक आपदाओं के प्रबंधन पर भारत, रूस और बोत्सवाना के भूवैज्ञानिकों ने किया मंथन
X



झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग द्वारा भूविज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान के 27 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को ‘प्राकृतिक आपदाएं एवं प्रबंधन’ विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार का शुभारंभ हुआ। वेबिनार का उद्घाटन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोलॉजी, करेलियन रिसर्च सेंटर, रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेज, रूस के निदेशक प्रो. सर्गेई स्वेतोव ने किया।

वेबिनार का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, रशियन एकेडमी ऑफ साइंसेज, रूस तथा डॉ. एस.एन. गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, कर्णप्रयाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र में भूविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. विनोद के. सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और रूस के इंस्टीट्यूट ऑफ जियोलॉजी के मध्य हुए समझौता ज्ञापन के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। आईआईटी मुंबई के प्रो. टी.एन. सिंह ने हिमालयी क्षेत्रों में चट्टानों के गिरने की घटनाओं के वैज्ञानिक अध्ययन तथा लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. ध्रुव सेन सिंह ने जलवायु परिवर्तन और समाज पर उसके प्रभावों पर व्याख्यान दिया। प्रो. आर.ए. सिंह ने वैज्ञानिक सत्र की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आभार व्यक्त किया।

वैज्ञानिक सत्र में रूस की डॉ. आई.ए. जुएवा, प्रो. वी.ए. शेकोव और जी.एन. कोलेश्निकोव ने भूकंपीय गतिविधियों एवं चट्टानी ढलानों से जुड़े खतरों पर शोध प्रस्तुत किए। इग्नू के प्रो. बेनीधर देशमुख ने मृदा अपरदन के अध्ययन में रिमोट सेंसिंग एवं जीआईएस की उपयोगिता तथा प्रो. आर. भास्कर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और आपदा प्रबंधन पर विचार रखे। आईआईटी रुड़की के डॉ. पीयूष कुमार सिंह ने हिमालयी चट्टानी ढलानों की स्थिरता पर चर्चा की।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. वी.के. सिंह ने बुंदेलखंड क्षेत्र में सूखे के कारण होने वाले भूमिक्षरण और नदी घाटियों में मिट्टी के कटाव पर अपना शोध प्रस्तुत किया। देहरादून के प्रो. ए.के. बियानी ने हिमालय में छिपे जल संकट से जुड़े आपदा संबंधी खतरों पर प्रकाश डाला।

बोत्सवाना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रो. राहुल वर्मा एवं उनके शोधकर्ताओं ने खनन क्षेत्र में भू-तकनीकी खतरों के प्रबंधन और नियंत्रित विस्फोट तकनीक से संबंधित शोधपत्र प्रस्तुत किए।

वेबिनार के दूसरे दिन शुक्रवार को भी प्राकृतिक आपदाओं, उनके प्रबंधन एवं नवीन शोधों पर विभिन्न वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Next Story
Share it