संविधान दिवस पर एमएसडीयू में सजेगा रचनात्मकता का रंग, पोस्टर प्रतियोगिता का होगा आयोजन

  • whatsapp
  • Telegram
संविधान दिवस पर एमएसडीयू में सजेगा रचनात्मकता का रंग, पोस्टर प्रतियोगिता का होगा आयोजन
X



आजमगढ़। संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के विधि विभाग की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की थीम ‘हमारा संविधान, हमारी पहचान, हमारा स्वाभिमान’ निर्धारित की गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी दो श्रेणियों में प्रतिभाग कर सकेंगे। इनमें डिजिटल पोस्टर और हैंडमेड पोस्टर शामिल हैं। प्रतिभागियों को निर्धारित थीम पर 22×15 इंच आकार के पोस्टर तैयार करने होंगे। पोस्टर घर से बनाकर लाना अनिवार्य होगा। दोनों श्रेणियों में अलग-अलग तीन सर्वश्रेष्ठ पोस्टरों का चयन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

विधि विभाग के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक विद्यार्थी अपने पोस्टर 22 नवंबर 2026 तक विभाग में जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए प्राप्त पोस्टरों में चयनित रचनाओं को विश्वविद्यालय की प्रस्तावित ‘गैलरी ऑफ रिपब्लिक’ में प्रदर्शित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को व्यापक पहचान मिलने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी संविधान के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलेगी।

विभाग की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे इस आयोजन को केवल एक कला प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए संविधान के प्रति अपनी समझ, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक चेतना को अभिव्यक्त करने का माध्यम बनाएं। विद्यार्थी अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मकता के जरिए यह संदेश दें कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार भी है।

Next Story
Share it