बीबीएयू की नई एवं पूर्णतः डायनेमिक आधिकारिक वेबसाइट का हुआ लोकार्पण

  • whatsapp
  • Telegram
बीबीएयू की नई एवं पूर्णतः डायनेमिक आधिकारिक वेबसाइट का हुआ लोकार्पण
X



बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 25 नवंबर को विश्वविद्यालय की नई एवं पूर्णतः डायनेमिक आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान, उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंगनाथ पाण्डेय ने संयुक्त रूप से नई वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक एवं सूचना प्रौद्योगिकी किसी भी शैक्षणिक संस्थान की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार हैं। विश्वविद्यालय की नई वेबसाइट एवं ईआरपी पोर्टल डिजिटल सुविधाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं शोध संबंधी गतिविधियों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी।

विश्वविद्यालय कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो. एस. के. द्विवेदी ने नई वेबसाइट की तकनीकी विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह वेबसाइट पूर्णतः डायनेमिक होगी तथा कंटेंट मैनेजमेंट सिस्टम (CMS – Content Management System) के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के प्रत्येक संकाय सदस्य को अलग-अलग लॉगिन आईडी प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वे अपने संबंधित वेब पेज एवं जानकारियों को आवश्यकता के अनुसार स्वयं अपडेट और संपादित कर सकेंगे। इससे सूचनाओं को अपडेट करने की प्रक्रिया अधिक सरल, तेज एवं व्यवस्थित होगी।

उन्होंने बताया कि नई वेबसाइट में केंद्रीकृत डेटाबेस प्रणाली (Centralized Database System) की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त की जा सकेंगी। इसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियां, विभिन्न रैंकिंग, शैक्षणिक एवं शोध संबंधी गतिविधियां, आंकड़े, विभिन्न संस्थानों के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MoUs) सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से देखी जा सकेंगी। साथ ही प्रत्येक विभाग एवं संकाय का अलग-अलग वेब पेज होगा, जिससे संबंधित विभाग की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगी।

नयी वेबसाइट एवं संबद्ध ईआरपी पोर्टल विश्वविद्यालय की डिजिटल कार्यप्रणाली को अधिक एकीकृत एवं सुगम बनाने के साथ-साथ सूचनाओं के बेहतर प्रबंधन, त्वरित संप्रेषण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गति प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। यह पहल विश्वविद्यालय को स्मार्ट एवं तकनीक आधारित डिजिटल परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Next Story
Share it