भाषा विश्वविद्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के तत्वावधान में चिंतन संगोष्ठी आयोजित

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के तत्वावधान में चिंतन संगोष्ठी आयोजित
X

इतिहास पुनर्लेखन में राष्ट्रीय चेतना का समावेश समय की आवश्यकता : संजय श्री हर्ष


लखनऊ। भाषा विश्वविद्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के तत्वावधान में कुलपति प्रो. अजय तनेजा के निर्देशन में ‘इतिहास पुनर्लेखन में राष्ट्रीय चैतन्य’ विषय पर चिंतन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में नई दिल्ली स्थित इतिहास संकलन समिति के राष्ट्रीय सह-संगठन सचिव संजय श्री हर्ष ने भारतीय इतिहास लेखन की परंपरा, उसकी मौलिक दृष्टि और राष्ट्रीय चेतना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में संजय श्री हर्ष ने कहा कि भारत की प्राचीन इतिहास लेखन परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। भारतीय इतिहासकारों की दृष्टि केवल घटनाओं के विवरण तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसमें समाज, संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रबोध का व्यापक समावेश था। उन्होंने भारतीय दृष्टिकोण से इतिहास को समझने और उसके पुनर्लेखन में राष्ट्रीय चेतना को प्रमुखता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इतिहास का लेखन तथ्यों, प्रमाणों और अपनी सभ्यतागत दृष्टि के आधार पर होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भारत के गौरवशाली अतीत और वास्तविक ऐतिहासिक परंपराओं से परिचित हो सकें।

कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने अपने संदेश में कहा कि इतिहास किसी भी राष्ट्र की पहचान, सांस्कृतिक चेतना और आत्मबोध का आधार होता है। भारतीय इतिहास का अध्ययन एवं पुनर्लेखन तथ्यों, शोध और राष्ट्रीय दृष्टिकोण के समन्वय के साथ किया जाना चाहिए। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों और शोधार्थियों में इतिहास के प्रति आलोचनात्मक, वैज्ञानिक और राष्ट्रबोध से युक्त दृष्टिकोण विकसित करें।

संगोष्ठी के अंतिम चरण में विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने मुख्य वक्ता से विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से इतिहास लेखन, ऐतिहासिक तथ्यों की प्रामाणिकता और भारतीय इतिहास की दृष्टि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।

कार्यक्रम का संचालन पं. दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ के निदेशक श्री अंशुल पांडेय ने किया। स्वागत उद्बोधन डॉ. मनीष कुमार ने प्रस्तुत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शोध पीठ के सदस्य डॉ. नीरज शुक्ल ने किया।

संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।

Next Story
Share it