भाषा विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को साइबर खतरों से बचाव के तरीके बताये

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को साइबर खतरों से बचाव के तरीके बताये
X


ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा दिवस के अवसर पर शनिवार को ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन कुलपति प्रो अजय तनेजा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, डिजिटल खतरों एवं उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मज़हर ख़ालिक ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा का महत्व भी लगातार बढ़ रहा है। साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जानकारी, गोपनीयता एवं डिजिटल पहचान की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन श्री शबीहुल हसन, साइबर फॉरेंसिक ट्रेनर, इन्फोसीक, लखनऊ ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने एथिकल हैकिंग और दुर्भावनापूर्ण हैकिंग के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए फिशिंग, पासवर्ड अटैक एवं मैलवेयर जैसे सामान्य साइबर हमलों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही संदिग्ध लिंक, फर्जी ई-मेल और नकली लॉगिन पेज की पहचान करने के तरीके भी समझाए। उन्होंने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक डिजिटल खातों को सुरक्षित रखने के आवश्यक उपायों, साइबर सुरक्षा के प्रारंभिक स्तर के टूल्स तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

कार्यशाला का समन्वय शगुफ्ता खान, श्रीयांशी गुप्ता एवं फरज़ान खान द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं एथिकल हैकिंग से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा मुख्य वक्ता से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

Next Story
Share it