बीबीएयू के डॉ. अंशुल अग्रवाल को मिला पेटेंट, ड्यूल गेन स्यूडो स्क्वेयर्ड बक-बूस्ट कन्वर्टर तकनीक पर किया नवाचार

  • whatsapp
  • Telegram
बीबीएयू के डॉ. अंशुल अग्रवाल को मिला पेटेंट, ड्यूल गेन स्यूडो स्क्वेयर्ड बक-बूस्ट कन्वर्टर तकनीक पर किया नवाचार
X


बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग (Department of Electrical Engineering) के विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल अग्रवाल को एक महत्वपूर्ण तकनीकी नवाचार के लिए भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा पेटेंट प्रदान किया गया है। उन्हें ‘A Dual Gain Pseudo Squared Buck-Boost Converter and a Method Thereof’ शीर्षक से पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह पेटेंट संख्या 610943 के अंतर्गत पंजीकृत है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. अंशुल अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी तथा इसे विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

इस नवाचार के अंतर्गत ड्यूल गेन स्यूडो स्क्वेयर्ड बक-बूस्ट कन्वर्टर और उससे संबंधित विधि विकसित की गई है। यह विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि है।

इस उपलब्धि पर डॉ. अंशुल अग्रवाल ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. मित्तल के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुलपति महोदय का निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और प्रेरणा इस शोध कार्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण रही। साथ ही उन्होंने अपने सहयोगियों एवं मार्गदर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में एबीवी-आईआईआईटीएम, ग्वालियर के निदेशक प्रो. एस.एन. सिंह एवं एनआईटी दिल्ली के सहायक प्रोफेसर डॉ. शुभम कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके तकनीकी मार्गदर्शन, बहुमूल्य सुझावों और निरंतर सहयोग ने इस कार्य को मूर्त रूप देने में अहम भूमिका निभाई।

Next Story
Share it