विधिक जागरूकता से न्याय की पहुंच बढ़ाने की पहल, बीबीएयू के विद्यार्थियों ने किया ग्रामीण सर्वेक्षण
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रो बोनो क्लब द्वारा दिनांक 29 नवम्बर को लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम ठकुराइन...

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रो बोनो क्लब द्वारा दिनांक 29 नवम्बर को लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम ठकुराइन...
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग के प्रो बोनो क्लब द्वारा दिनांक 29 नवम्बर को लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम ठकुराइन खेड़ा, पोस्ट माती में विधिक जागरूकता एवं सर्वेक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना और उनकी विधिक एवं सामाजिक समस्याओं को समझना था।
प्रो बोनो क्लब की समन्वयक प्रोफेसर सूफिया अहमद ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को विधि शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक विधिक जागरूकता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर बीबीए.एलएल.बी.(ऑनर्स) के विद्यार्थियों ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से आयुष्मान भारत कार्ड, किसान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही ग्रामीणों से उनके लंबित मुकदमों, न्यायालयीन प्रकरणों, आपसी विवादों एवं अन्य विधिक समस्याओं के संबंध में भी चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के संभावित विधिक समाधान, कानूनी अधिकारों तथा जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के संबंध में प्राथमिक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझने तथा उन्हें विधिक सहायता की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर विधि विभाग की विभागाध्यक्ष एवं प्रो बोनो क्लब की समन्वयक प्रोफेसर सूफिया अहमद सहित विधि विभाग के अन्य शिक्षकगण एवं प्रो बोनो क्लब के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





