हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में आयोजित मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में दिया संस्कार, संस्कृति और स्वदेशी चिंतन का संदेश

  • whatsapp
  • Telegram
हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में आयोजित मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में दिया संस्कार, संस्कृति और स्वदेशी चिंतन का संदेश
X

माता-पिता का सम्मान सर्वोपरि है : प्रो. विनय कुमार पाठक


कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत आयोजित मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने माता-पिता के सम्मान, पारिवारिक संस्कारों, भारतीय संस्कृति और स्वदेशी चिंतन के महत्व पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता का स्थान सर्वोपरि है। माता-पिता का सम्मान, उनकी सेवा और उनके प्रति श्रद्धा ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। जिस समाज में माता-पिता का आदर होता है, वहां संस्कारों और नैतिक मूल्यों की परंपरा मजबूत बनी रहती है।

प्रो. पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी और माता-पिता के बीच संबंधों में अनेक प्रकार की चुनौतियां सामने आ रही हैं। बदलती जीवनशैली, पारिवारिक व्यस्तताओं और पीढ़ियों के बीच बढ़ते संवादहीनता के कारण परिवारों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे समय में मातृ-पितृ वंदन जैसे कार्यक्रमों की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। ये आयोजन नई पीढ़ी को अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, आत्मीयता, कृतज्ञता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र 'मातृ देवो भव, पितृ देवो भव' का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी परंपरा में माता-पिता को देवतुल्य स्थान प्रदान किया गया है। यह केवल धार्मिक मान्यता नहीं, बल्कि भारतीय परिवार व्यवस्था और जीवन दर्शन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने मनुस्मृति के श्लोक 'अभिवादनशीलस्य नित्यं वृद्धोपसेविनः, चत्वारि तस्य वर्धन्ते आयुर्विद्या यशो बलम्' का उल्लेख करते हुए बताया कि बड़ों का सम्मान और उनकी सेवा करने वाले व्यक्ति के जीवन में आयु, विद्या, यश और बल की वृद्धि का भाव निहित है।

प्रो. पाठक ने रामायण की चौपाइयों का संदर्भ देते हुए कहा कि माता-पिता की आज्ञा का पालन करना और उनके प्रति अनुराग रखना संतान के महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में व्यक्ति धन, पद, प्रतिष्ठा और उपलब्धियां हासिल करके सफल हो सकता है, लेकिन यदि उसके जीवन में माता-पिता के प्रति सम्मान और सेवा का भाव नहीं है तो उसकी सामाजिक और नैतिक महानता अधूरी है। माता-पिता का आशीर्वाद और उनके द्वारा दिए गए संस्कार ही व्यक्ति की वास्तविक पूंजी हैं।

उन्होंने भारतीय सभ्यता की निरंतरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल चेतना स्व, स्वदेश और स्वदेशी के चिंतन में निहित है। हमारी सभ्यता केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके मूल में आध्यात्मिक विचार, ऋषि-मुनियों की ज्ञान परंपरा, आत्मचिंतन और जीवन मूल्यों की समृद्ध विरासत है। अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझना, उन पर गर्व करना तथा उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

प्रो. पाठक ने कहा कि परिवार ही संस्कारों की पहली पाठशाला है। बच्चों में सम्मान, सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुण परिवार से ही विकसित होते हैं। इसलिए माता-पिता और नई पीढ़ी के बीच संवाद, आत्मीयता तथा पारस्परिक विश्वास को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि भारतीय परिवार व्यवस्था की मजबूती माता-पिता के सम्मान और संस्कारों के संरक्षण में निहित है। मातृ-पितृ वंदन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने और भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मातृ-पितृ वंदन में कुलपति जी ने किया पिता का पूजन

मातृ-पितृ वंदन कार्यक्रम में कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक व डॉ वंदना पाठक ने अपने पूज्य पिता रामानुज पाठक जी का पूजन किया। वहीं विनायक व विनीता पाठक ने अपने माता-पिता प्रो.विनय कुमार पाठक व डॉ वंदना पाठक का पूजन व वंदन किया। वहीं विनायक विनीता पाठक ने अपने माता-पिता प्रो विनय कुमार पाठक व डॉ वंदना पाठक का पूजन व वंदन किया।

Next Story
Share it