मैं हैरी पॉटर की बड़ी फैन हूं- ऐश्वर्या खरे

  • whatsapp
  • Telegram
मैं हैरी पॉटर की बड़ी फैन हूं- ऐश्वर्या खरे
X


मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित शो 'भाग्य लक्ष्मी' में लक्ष्मी की भूमिका कर रहीं ऐश्वर्या खरे अपनी सबसे खास हॉबी एंजॉय करने के लिए समय निकाल ही लेती हैं। बता दें कि वक्त के साथ ऐश्वर्या को किताबें पढ़ने की आदत लग गई है और वो मानती हैं कि ये हमारी सबसे अच्छी आदतों में से एक हो सकती है! लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह एक्ट्रेस एक बड़ी 'पॉटरहेड' यानी हैरी पॉटर की बहुत बड़ी फैन है? जी हां, बिल्कुल सही सुना आपने! ऐश्वर्या की पसंदीदा किताबों में जे.के. रोलिंग की हैरी पॉटर सीरीज़ शामिल है और वो सेट पर अपनी इस सबसे पसंदीदा कहानी को दोबारा पढ़ने का समय निकाल लेती हैं। उन्हें किताबों से इतना लगाव है कि दिन के समय जब भी वो अकेली होती हैं, तो उनके हाथों में एक किताब जरूर नजर आती है। ऐश्वर्या बताती हैं, ''बचपन में मैं अपने खाली वक्त में किताबें नहीं पढ़ती थीं। असल में मुझे कभी किताबें पढ़ना अच्छा ही नहीं लगता था।

लेकिन हाई स्कूल में आने के बाद चीजें बदल गईं! मैंने एक नॉवेल पढ़ा और तब से मैं कभी नहीं रुकी। वो किताब थी हैरी पॉटर! शायद लोग यह नहीं जानते कि मैं हैरी पॉटर की बहुत बड़ी फैन हूं। जे.के. रोलिंग ने जिस तरह से इस सीरीज़ को बिल्कुल रियल और दिलचस्प बनाया है, वो मुझे बहुत अच्छा लगता है। खास बात ये है कि एक बार जब आप यह किताब पढ़ना शुरू करते हैं, तो आप तब तक नहीं रुक सकते, जब तक यह पूरी किताब खत्म ना हो जाए! मैं समय-समय पर उनकी सभी किताबों को दोबारा पढ़ती हूं और इस समय मैं सेट पर अपने खाली वक्त में उनकी आखिरी किताब पढ़ रही हूं।'' मालूम हो कि 'भाग्य लक्ष्मी' शो सोमवार से शनिवार रात साढ़े आठ बजे ज़ी टीवी पर प्रसारित है।

Next Story
Share it