भाषा विवि के डॉ. कमलेश कुमार सोनी को ‘HABIT साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026’, छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुति में हासिल किया चौथा स्थान

  • whatsapp
  • Telegram
भाषा विवि के डॉ. कमलेश कुमार सोनी को ‘HABIT साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026’, छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुति में हासिल किया चौथा स्थान
X

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCLU) के जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज में आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘HABIT-2026’ में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

सम्मेलन में विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के सहायक आचार्य डॉ. कमलेश कुमार सोनी को पादप आणविक जीवविज्ञान (Plant Molecular Biology) के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध, नवाचार एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘HABIT Scientist Award-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके शोध कार्यों और वैज्ञानिक योगदान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं, सम्मेलन में जैव प्रौद्योगिकी विभाग की बीएससी (बायोटेक्नोलॉजी) की छात्राओं हेबा मेहदी और फातिमा ओबैद ने भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दोनों छात्राओं ने अपने शोध एवं समीक्षा आधारित पोस्टर प्रस्तुत किए और प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया।

शिक्षक एवं विद्यार्थियों की इस दोहरी उपलब्धि से विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने डॉ. कमलेश कुमार सोनी तथा छात्राओं को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का उत्कृष्ट शोध कार्य और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियां विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता एवं शोध संस्कृति को नई पहचान प्रदान करती हैं। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Next Story
Share it