स्वस्थ मुस्कान समग्र स्वास्थ्य का आईना

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
स्वस्थ मुस्कान समग्र स्वास्थ्य का आईना

विश्व मुस्कान दिवस हर साल अक्टूबर के पहले शुक्रवार को मनाया जाता है। इस साल, यह 1 अक्टूबर, 2021 को मनाया जाएगा।दूसरों के चहरे सुन्दर मुस्कान से खिल खिला उठे उसके लिए सभी का अभिवादन एक सुन्दर मुस्कान के साथ करने का यह एक सुनहरा दिवस है। सच्ची मुस्कान दिल से आती है लेकिन एक स्वस्थ मुंह इसमें चार चाँद लगाने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हमारे मुंह का स्वास्थ्य एवं उसकी देखभाल एक सुंदर दैनिक मुस्कान को दिनचर्या में ढालने एवं विकसित करने में मदद करता है।

मुस्कुराते हुए दांतों के लिए टिप्स

1. उचित ब्रशिंग

दांतों को दिन में दो बार कम से कम 2 मिनट तक ब्रश करना बहुत जरूरी है।

हमेशा नरम ब्रिसल वाले टूथब्रश और मटर के आकार के फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। (बच्चों के लिए-चावल के दाने के आकार के बराबर)

2. जीभ की सफाई

हमारी जीभ में कई हानिकारक मुंह के रोगाणु होते हैं जो मुंह से दुर्गंध (सांसों की दुर्गंध) पैदा कर सकते हैं। इसलिए इसे साफ करना महत्वपूर्ण है।

3. फ्लॉसिंग

कई बार टूथब्रश के ब्रिसल्स दांतों के बीच में नहीं पहुंचते हैं। भोजन के कण वहीं फंस जाते हैं जिससे दांत सड़ सकते हैं। दिन में एक बार फ्लॉसिंग करने से मुंह की स्वच्छता में सुधार होता है और मसूड़ों और मुंह के ऊतकों को दर्दनाक या संवेदनशील होने से बचाता है।

4. मुंह में अनाधिकृत वस्तुओ से छेड़छाड़

अंगूठा/उंगली चूसने जैसी आदत ज्यादातर बच्चों में देखी जाती है। अगर 4 साल की उम्र के बाद भी इसे जारी रखा जाए तो यह आदत दांतों के गलत संरेखण का कारण बन सकती है।

जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहे हैं और हम सभी अपने घरों को त्योहारों में सजाते हैं। यह उल्लेख करना महत्वपूर्ण हो जाता है कि हमें अपने दांतों का उपयोग धागे को काटने या सैलो टेप को चीरने के लिए उपकरण के रूप में नहीं करना चाहिए, इससे सामने के दांतों को नुकसान हो सकता है।

खर्राटे लेना, पेंसिल को मुंह में रखना और नाखून चबाना भी दांतों के गलत संरेखण का कारण बन सकता है।

5. मुँह रक्षक(माउथ गार्ड्स)

बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों से जबड़े और दांतों दोनों में चोट लगने का खतरा बना रहता है। खेल खेलते समय हमेशा मुँह रक्षक (माउथ गार्ड)पहनने की सलाह दी जाती है।

6. डेंटल विजिट

निर्धारित अंतराल में दंतचिकित्सक से परामर्श लेना सभी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि आप अपनी मुस्कान से संतुष्ट नहीं हैंऔर इसमें सुधार चाहते है तो आप अपने दंत चिकित्सक से इस पर चर्चा कर परामर्श प्राप्त कर सकते है जो आपकी मुस्कान की सुंदरता में लाभप्रद हो सकता है।

7. सही खाओ, उज्ज्वल मुस्कुराओ

फाइबर से भरपूर हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, पत्ता गोभी और लेट्यूस का सेवन करना चाहिए इससे लार के प्रवाह में वृद्धि होगी जो सूक्षम खाद्य पदार्थो के कणों को दांतों पर चिपकने से बचाता हैं।

नींबू, संतरा और अंगूर जैसे खट्टे फल मसूड़ों से खून बहने से रोकते हैं। खट्टे फलों का सेवन कम मात्रा में करना चाहिए क्योंकि इससे दांतों का क्षरण हो सकता है।

बिना छिलके वाले सेब, नाशपाती और खुबानी जैसे फलों का सेवन करने का प्रयास करना चाहिए।

दूध, पनीर और दही कैल्शियम के समृद्ध स्रोत हैं जो दांतों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं।

खाने के बाद पानी से कुल्ला करने की सख्त सलाह दी जाती है।

8. खाद्य पदार्थ जिनका न्यूनतम प्रयोग किया जाये

टॉफी, चॉकलेट, केक, पेस्ट्री और मिठाई जैसे मीठे और जंक फूड का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।

वातित और कार्बोनेटेड पेय से दांतों का क्षरण हो सकता है

सिगरेट पीने, तंबाकू चबाने और शराब पीने से मुंह का कैंसर होता है। यह मुँह एवं सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लिए घातक है।

दुनिया में अनेकों भाषाएं एवं सभ्यता हैं लेकिन मुस्कान सब कुछ बयां कर देती है।

मुस्कुराते हुए चेहरे से प्यार फैलाएं और अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा दें। अपने मुंह की देखभाल करें और आपका मुंह आपकी मुस्कान की देखभाल करेगा।

डॉ रिया गुप्ता (दन्त चिकित्सक)

Tags:    SmileHealthyhealth
Next Story
Share it