देहरादून IMA पासिंग आउट परेड, नौ महिला कैडेट्स भी हुईं पास आउट

  • whatsapp
  • Telegram
देहरादून IMA पासिंग आउट परेड, नौ महिला कैडेट्स भी हुईं पास आउट
X





भारतीय सेना को आज 481 नए युवा अधिकारी मिले हैं। उत्तराखंड स्थित भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में आज 158वीं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन हुआ। युवा कैडेट्स ने अनुशासन, परिश्रम और सैन्य गौरव का अनुकरणीय प्रदर्शन किया। सैनिक परंपराओं और गौरवशाली विरासत के बीच यह आयोजन देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा।

आई.एम.ए. स्थित ऐतिहासिक चेटवुड भवन के समक्ष आयोजित परेड में कुल 515 जेंटलमैन और महिला कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर सेना अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। इनमें 34 कैडेट मित्र राष्ट्रों से हैं, जो प्रशिक्षण पूरा कर अब अपने-अपने देशों की सेनाओं में शामिल होंगे।

इस बार पासिंग आउट परेड ऐतिहासिक रही, क्योंकि पहली बार अकादमी से पुरुष कैडेट्स के साथ नौ महिला कैडेट्स भी पास आउट हुईं। परेड का निरीक्षण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय सैन्य अकादमी सम्मान, साहस और राष्ट्र सेवा का प्रतीक है। उन्होंने पहली बार पास आउट हो रही महिला कैडेट्स को भारतीय सैन्य अकादमी के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए इसे देश में महिला नेतृत्व वाले विकास की दिशा में एक प्रेरक कदम बताया।

श्रीमती मुर्मू ने अधिकारी कैडेट्स से बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच आजीवन सीखने, साहसिक निर्णय लेने और नैतिक नेतृत्व का परिचय देने का आह्वान किया।

पासिंग आउट में प्रशिक्षण अवधि के दौरान समग्र उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ विशाल कुमार को प्रदान किया गया। ऑर्डर ऑफ मेरिट में भी ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार प्रथम स्थान पर रहे और उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। प्रिंस राज दूसरे स्थान पर रहे, जबकि तेजस भट्ट ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक प्राप्त किया।

Next Story
Share it