पीएम मोदी आज से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दौरे पर

  • whatsapp
  • Telegram
पीएम मोदी आज से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दौरे पर
X




प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। ओडिशा में वे आज मयूरभंज जिले के पहाडपुर गांव में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से, उनके 68वें जन्‍मदिन पर भेंट करेंगे। राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री पहाड़पुर में पावन प्राकृतिक स्‍थल – संथाली जहेरा और हो जहेरा में प्रार्थना करेंगे। वे कौशल केन्‍द्र और पहाड़पुर विद्यालय भी जायेंगे। इसके बाद राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में मोहन चरण मांझी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्‍य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे 47 हजार करोड़ रूपये से अधिक लागत की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्‍यास करेंगे। ये परियोजनाएं ऊर्जा, औद्योगिक अवसंरचना, सडक संपर्क, पेय जल, स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई क्षेत्र की हैं।

पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे में आज प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्‍वर में पश्चिम बंग दिवस समारोह में शामिल होंगे। वे राज्‍य में विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास करेंगे। श्री मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि की 23वीं किस्‍त भी जारी करेंगे। इसके तहत देश के 9.44 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की जायेगी। वे पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्री स्‍टैक और प्रधानमंत्री धन धान्‍य कृषि योजना सहित प्रमुख केन्‍द्रीय कृषि योजनाएं भी लागू करेंगे।

कल प्रधानमंत्री कोलकाता में अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। योग दिवस कार्यक्रम कल सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। श्री मोदी कल कोलकाता के श्‍यामाप्रसाद मुखर्जी बंदरगाह में स्‍वदेश में निर्मित तीन नौसैनिक पोत – आईएनएस दुनागिरि, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय का जलावतरण करेंगे।

Next Story
Share it