प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दूसरे दिन ‘सेवा यात्रा’ के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे

  • whatsapp
  • Telegram
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दूसरे दिन ‘सेवा यात्रा’ के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे
X


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गुजरात के वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्‍यम से बातचीत करेंगे। इस दौरान सेवा यात्री प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे।

यह सेवा यात्रा 17 सितंबर को शुरू हुई थी और प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। यात्रा के दौरान युवा विभिन्न राज्यों, जिलों, तहसीलों और गांवों से गुजरते हुए स्थानीय लोगों से संवाद कर रहे हैं और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।

सेवा यात्रियों ने स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ स्कूलों, अस्पतालों, नर्सिंग होम और अन्य सामुदायिक स्थानों पर लोगों से मुलाकात की है और सेवा कार्यों में हिस्सा लिया है। वाराणसी और वडनगर के बीच विभिन्‍न स्‍थानों में चल रही इन मोटरसाइकिल यात्राओं का उद्देश्य युवाओं को जनसेवा और समाज से जोड़ना है। यह यात्रा सात अक्टूबर तक जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने कल वडनगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों से बातचीत की थी। उन्होंने यात्रियों से रास्ते के अनुभवों, लोगों के साथ उनके संवाद के बारे में जानकारी ली। श्री मोदी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से गुजरने वाली ऐसी यात्राएं युवाओं को भारत की विविधता को करीब से समझने का अवसर देती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं है, बल्कि लोगों से जुड़ने, समुदायों को समझने और सेवा की भावना को कार्य में बदलने का अवसर है। उन्होंने सेवा यात्रियों के प्रयासों को विकसित भारत-2047 के निर्माण प्रयासों से भी जोड़ा और कहा कि जमीनी स्तर तक सेवा की भावना पहुंचाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

Next Story
Share it