भारत और बेलारूस के बीच वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने के लिए सीएसआईआर और एनएएसबी ने किया समझौता

  • whatsapp
  • Telegram
भारत और बेलारूस के बीच वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने के लिए सीएसआईआर और एनएएसबी ने किया समझौता
X


वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सी.एस.आई.आर.) और बेलारूस की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (एन.ए.एस.बी.) ने भारत और बेलारूस के बीच वैज्ञानिक तथा तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए वर्ष 2027 से 2029 की अवधि के लिए दूसरे सहयोग कार्यक्रम पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस सहयोग कार्यक्रम पर कल नई दिल्ली में सी.एस.आई.आर. की महानिदेशक डॉ. एन. कलईसेल्वी और बेलारूस की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के प्रेसीडियम के उपाध्यक्ष डॉ. ए. वी. त्रुखानोव के बीच हुई बैठक के दौरान हस्ताक्षर किए गए।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक सहयोग बढ़ाने, संयुक्त अनुसंधान और विकास पहलों को प्रोत्साहित करने तथा दोनों देशों के अनुसंधान संस्थानों और वैज्ञानिकों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए नया ढांचा उपलब्ध कराएगा।

इससे विज्ञान और प्रौद्योगिकी के उन क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास, ज्ञान के आदान-प्रदान और नवाचार आधारित साझेदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिनकी पहचान दोनों देशों ने आपसी सहमति से की है।

दोनों संस्थानों ने इस महीने की 27 तारीख से अनुसंधान, विकास और नवाचार प्रस्तावों के लिए दूसरी संयुक्त आमंत्रण प्रक्रिया शुरू करने का भी प्रस्ताव किया है। इसके अंतर्गत दोनों देशों के शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों से आपसी सहमति से तय प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएंगे।

Next Story
Share it