चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन स्थगित, चुनाव अधिकारी का अचानक बीमार होना बताई वजह

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन स्थगित, चुनाव अधिकारी का अचानक बीमार होना बताई वजह

देश के सबसे खूबसूरत शहर चंडीगढ़ नगर निगम के लिए मेयर, डिप्टी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर का चुनाव अचानक टल गया है। गुरुवार को सुबह निगम दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा देखने को मिला। यहां पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल, 11 बजे चुनावी प्रक्रिया शुरू होनी थी, लेकिन वह शुरू नहीं हो पाई साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता पवन बंसल को भी निगम की बिल्डिंग में एंट्री नहीं दी गई।

जानकारी के अनुसार, चुनाव के लिए तैनात किए गए प्रिजाइडिंग अफसर अनिल मसीह की बीमारी का हवाला देकर चुनावों को टाला गया है। पवन बंसल ने कहा कि वह पूरे मामले को लेकर कोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षद मौके पर पहुंच गए थे। लेकिन पुलिस ने किसी को निगम दफ्तर के अंदर जाने नहीं दिया। पवन बंसल ने कहा कि केवल भाजपा के पार्षद ही नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने पूरे मामले में भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया कि पार्टी चुनाव नहीं करवाना चाहती है। इसी बीच खबर है कि कांग्रेस-आप के कुछ समर्थकों को विरोध करने पर गिरफ्तार कर लिया गया है।

मीडिया से बातचीत में आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि अपनी हार को देखते हुए भाजपा चुनाव रद्द करना चाहती है। इंडिया गंठबंधन के पास बहुमत है। यह पहला मुकाबला है। इस चुनावों में साफ तौर पर बहुमत हमारे पास है। आप जानते हैं कि 36 वोट डाले जाएंगे। 20 वोट हमारे पास हैं और भाजपा के पास केवल 14 वोट हैं। भाजपा अपनी हार देख रही है। उन्होंने कहा कि क्या अगर भाजपा चुनाव हार रही है तो क्या चुनाव नहीं होगा। फिलहाल ताजा जानकारी मिलने तक एक आधिकारिक पत्र सामने आया है, जिसमें निगम प्रशासन ने बताया कि प्रिजाईडिंग अफसर अनिल मसीह बीमार हो गए हैं। हालांकि पत्र में चुनाव टालने को लेकर कोई बात नहीं लिखी गई है।

चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं। मेयर चुनाव में इन 35 वोटों के अलावा सांसद का भी वोट भी रहेगा। ऐसे में भाजपा के पास कुल 15 वोट, आम आदमी पार्टी के पास 13, कांग्रेस के 7 और अकाली दल का एक पार्षद है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पास कुल 20 वोट हैं। बहुमत के लिए 18 वोटों की जरूरत रहेगी। फिलहाल, अब दोबारा से चुनाव के लिए नोटिफिकेशन होगी।

Next Story
Share it