टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में दो और एथलीट कोरोना चपेट में, लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में दो और एथलीट कोरोना चपेट में, लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या

टोक्यो ओलंपिक पर कोरोना संकट के बादल और गहराते जा रहे हैं। टोक्यो ओलंपिक के खेल गांव में दो और एथलीट कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोरोना संक्रमण का अब तक का यह तीसरा मामला है। इससे पहले भी एक एथलीट कोरोना पॉजिटिव हो गया था। टोक्यो अधिकारियों ने कहा कि संक्रमित एथलीटों को 14 दिन के पृथकवास पर भेज दिया गया है। यह पहला अवसर है जबकि खेल गांव में रह रहे खिलाड़ियों को संक्रमण हुआ है। आयोजकों ने खिलाड़ियों की पहचान उजागर नहीं की है। तीसरा खिलाड़ी खेलों के लिये नामित होटल में ठहरा हुआ है।

आयोजन समिति ने यहां कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की जो सूची जारी की है उसके अनुसार दिन में कुल 10 मामले सामने आये। इनमें खेलों से संबंधित पांच व्यक्ति, एक ठेकेदार और एक पत्रकार भी शामिल है। आयोजकों ने यह नहीं बताया है कि दोनों संक्रमित खिलाड़ियों को खेल गांव में ही रखा गया है या उन्हें किसी अन्य स्थान पर पृथकवास पर भेजा गया है। टोक्यो में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। टोक्यो के लोग लगातार इन खेलों के आयोजन का विरोध कर रहे हैं। कई जानकारों ने कोरोना के बीच खेलों के आयोजन को जोखिम भरा बताया है। हालांकि, आयोजक इस बात का दावा कर रहे हैं कि ओलिपिंक खेल गांव में 85 प्रतिशत लोग वैक्सीन के दोनों डोज ले चुके हैं।

Next Story
Share it