हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज से, 10 बैठकों में 1036 सवालों पर होगी चर्चा

  • whatsapp
  • Telegram
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज से, 10 बैठकों में 1036 सवालों पर होगी चर्चा
X



3 सितंबर तक चलेगा सत्र, 750 पुलिसकर्मियों की तैनाती; सत्तापक्ष-विपक्ष ने कसी कमर हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू हो रहा है। सत्र 3 सितंबर तक चलेगा और कुल 10 बैठकें होंगी। मानसून सत्र के लिए विधायकों की ओर से कुल 1036 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 787 तारांकित और 249 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा नियम 62 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 13 सूचनाएं, नियम 63 के तहत दो घंटे की चर्चा के लिए दो सूचनाएं, नियम 101 के तहत गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए पांच सूचनाएं और नियम 130 के तहत प्रदेश हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए 15 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।

सत्र के पहले दिन सदन में पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेंद्र सिंह और राम चंद भाटिया के निधन पर शोकोद्गार व्यक्त किए जाएंगे। वहीं 27 अगस्त को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है। मानसून सत्र के दौरान शिमला में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से तीन मुख्य सेक्टरों और विभिन्न उप-सेक्टरों में बांटा गया है। करीब 750 पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल के साथ बहुस्तरीय जांच और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। मानसून सत्र को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। ऐसे में जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर विधानसभा का यह सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं।

Next Story
Share it