जनगणना-2027 की प्रक्रिया शुरू, 15 जून तक कर सकेंगे स्व-गणना

  • whatsapp
  • Telegram
जनगणना-2027 की प्रक्रिया शुरू, 15 जून तक कर सकेंगे स्व-गणना
X



चम्बा। जनगणना-2027 की प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो गई है। जनगणना दो चरणों में संपन्न की जाएगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक (जनगणना कर्मी) नागरिकों से 33 प्रश्न पूछेंगे, जिनमें आवास की स्थिति, पेयजल सुविधा, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। उपायुक्त चम्बा एवं जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जनगणना-2027 में आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जा रहा है और नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि 1 जून से 15 जून तक नागरिक जनगणना-2027 की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन कर 33 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर दे सकते हैं।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पंजीकरणकर्ता को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे मोबाइल संदेश के माध्यम से भी भेजा जाएगा। मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना के दौरान जिन नागरिकों ने स्व-गणना की होगी, उन्हें अपनी यूनिक आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करवानी होगी। मुकेश रेपसवाल ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई समस्त जानकारी को पूरी तरह सुरक्षित एवं गोपनीय रखा जाएगा तथा गोपनीयता के सभी निर्धारित मानकों का पालन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, नीतियों और कल्याणकारी कार्यक्रमों का निर्माण करती है। उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग देने, सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने तथा अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना सुविधा का उपयोग करने की अपील की, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सरल, तेज और प्रभावी बनाया जा सके।

Next Story
Share it