कटिहार: वज्रपात से तीन लोगों की मौत, परिजनों को मिलेगा ₹4-4 लाख का मुआवजा
कटिहार जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से तीन अलग-अलग प्रखंडों में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी...

कटिहार जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से तीन अलग-अलग प्रखंडों में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी...
कटिहार जिले में तेज आंधी और बारिश के दौरान वज्रपात (ठनका) की चपेट में आने से तीन अलग-अलग प्रखंडों में तीन लोगों की मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना बरारी प्रखंड के सेमापुर स्थित इस्लामपुर सुखासन गांव में हुई, जहां 45 वर्षीय अकमल हुसैन की खेत में मक्का कटाई के बाद पटवन के दौरान ठनका गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
दूसरी घटना कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत अंतर्गत खुदना गांव में हुई, जहां 27 वर्षीय मंगलेश कुमार यादव की वर्षा के दौरान गौशाला में गाय बांधने के दौरान वज्रपात से मृत्यु हो गई।
तीसरी घटना आजमनगर प्रखंड के शीतलमनी पंचायत के कोढोबाड़ी गांव में हुई, जहां 65 वर्षीय मोहम्मद अब्बास वर्षा के दौरान बहियार से मवेशी लाने के क्रम में ठनका की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इधर, इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि कटिहार जिले में वज्रपात से तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश दिया है कि मृतकों के परिजनों को अविलंब चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और वज्रपात से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
वज्रपात से प्रभावित व्यक्ति और क्षेत्र:
मोहम्मद अब्बास (65): आजमनगर थाना क्षेत्र के शीतलमनी पंचायत।
मंगलेश कुमार (27): कोढ़ा थाना क्षेत्र के चंदवा पंचायत (खुदना गाँव)।
अकमल हुसैन (45): सेमापुर थाना क्षेत्र के इस्लामपुर सुखासन गाँव।





