अब Zika वायरस ने दी दस्तक, पुणे में 8 नए केस आए सामने; इनमें से 7 प्रेग्नेंट महिलाएं

  • whatsapp
  • Telegram
अब Zika वायरस ने दी दस्तक, पुणे में 8 नए केस आए सामने; इनमें से 7 प्रेग्नेंट महिलाएं

महाराष्ट्र के पुणे में जीका वायरस ने फिर से दस्तक दी है। बुधवार को भी शहर में संक्रमण के 8 नए केस सामने आए। पुणे नगर निगम (पीएमसी) द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार, इनमें 7 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। जून से अब तक करीब 81 मामले सामने आए हैं। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अब तक 4 मरीजों की मौत हुई है, लेकिन ये सभी संक्रमण के अलावा कई और बीमारयों से ग्रसित थे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कुल संक्रमित लोगों में 26 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं, लेकिन गनीमत ये है कि उनमें से ज्यादातर अभी स्वस्थ हैं और बेहतर महसूस कर रही हैं। इस साल शहर में जीका वायरस संक्रमण का पहला मामला 20 जून को सामने आया था जब एरंडवाने इलाके में एक 46 वर्षीय डॉक्टर का टेस्ट पॉजिटिव आया था। इसके बाद उनकी 15 वर्षीय बेटी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब तक 4 लोगों की मौत हुई है। लेकिन इन मरीजों को हृदय संबंधी समस्याएं, लीवर की बीमारियां भी थीं, जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ गई। इन चारों मरीजों की उम्र 68 से 78 साल के बीच थी। बता दें कि यह वायरस संक्रमित एडीज मच्छर के काटने से फैलता है।

ये एडीज मच्छरों से फैलने वाली एक बीमारी है, इसे मच्छर जनित फ्लेविवायरस भी कहा जाता है। जो की मानव शरीर की कोशिकाओं का ही इस्तेमाल कर के अपने आकार का विस्तार करता है। कुछ लोगों में इस बीमारी के लक्षण प्रभावित होने के बहुत दिनों बाद नजर आते हैं। साथ ही ज्यादा तर लोगों को संक्रमित होने के बाद भी इस बात का एहसास नहीं होता है कि वे जीका वायरस की चपेट में आ गए हैं।

Next Story
Share it