उत्तराखंड में क़ानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए चलेगा पुलिस का विशेष अभियान

  • whatsapp
  • Telegram
उत्तराखंड में क़ानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए चलेगा पुलिस का विशेष अभियान
X


पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन सत्यापन शुरू किया जाएगा। यह विशेष अभियान प्रदेश के सभी जिलों में सर्किल, थाना और चौकी स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके तहत मल्टी-स्टोरी अपार्टमेंट, किराये के मकान, फ्लैट, पीजी, होम-स्टे, होटल, गेस्ट हाउस, आश्रम और धर्मशालाओं में रह रहे लोगों का सत्यापन किया जाएगा। प्रॉपर्टी डीलर, रियल एस्टेट एजेंट और ब्रोकरों की ओर से किए गए किरायेदारी अनुबंधों की भी जांच होगी। बिना पुलिस सत्यापन किरायेदारी कराने या संदिग्ध व्यक्तियों को आश्रय देने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

सघन सत्यापन अभियान के तहत होम डिलीवरी सेवाओं, ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म से जुड़े डिलीवरी एजेंटों, सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों, कैब चालकों और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत ठेकेदारों का विशेष सत्यापन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े कर्मियों की पहचान और रिकॉर्ड की जांच को प्राथमिकता दी जाएगी। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों और केंद्रीय डेटाबेस का उपयोग किया जाएगा।

अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, घुसपैठियों, बांग्लादेशी नागरिकों और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी ठहरे व्यक्तियों की पहचान कर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, रिहायशी क्षेत्रों, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कोचिंग संस्थानों, जिम, स्कूलों, विश्वविद्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच की जाएगी। सत्यापन अभियान के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है और अधिकारियों को नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा है कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।

Next Story
Share it