सोमनाथ सेवा शिविर के लिए एमएसडीयू आजमगढ़ के दो स्वयंसेवकों का चयन, मुख्यमंत्री योगी ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना

  • whatsapp
  • Telegram
सोमनाथ सेवा शिविर के लिए एमएसडीयू आजमगढ़ के दो स्वयंसेवकों का चयन, मुख्यमंत्री योगी ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
X


आजमगढ़/लखनऊ, 20 अप्रैल 2026:भारत स्काउट गाइड, उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित सोमनाथ सेवा शिविर हेतु महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के दो प्रतिभाशाली स्वयंसेवकों—श्री अंजनी कुमार एवं कु. अंशिका यादव—का चयन किया गया है। यह चयन विश्वविद्यालय एवं जनपद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार के कुशल निर्देशन में आयोजित इस सेवा शिविर के लिए चयनित प्रतिभागियों को दिनांक 19 अप्रैल 2026 को विशेष ट्रेन द्वारा गुजरात के सोमनाथ के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उपस्थित होकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित स्वयंसेवकों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। माननीय कुलपति प्रो. संजीव कुमार, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्री शैलेश प्रकाश तथा कुल सचिव डॉ. अंजनी मिश्र ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की बढ़ती सक्रियता और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

प्रशिक्षण आयुक्त (रोवर्स) डॉ. घनश्याम दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमनाथ सेवा शिविर में प्रतिभागी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों में भाग लेकर अपने अनुभवों को समृद्ध करेंगे तथा राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Next Story
Share it