ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

  • whatsapp
  • Telegram
ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो
X



उत्तर प्रदेश को ग्लोबल सोर्सिंग हब बनाने की दिशा में आज से ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण शुरू हो रहा है। 29 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

इस वर्ष ट्रेड शो की थीम ‘बेहतरीन खरीदारी की शुरुआत यहीं से’ रखी गई है। आयोजन के जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश और विदेश के बाजारों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक ‘एक जिला, एक उत्पाद’ यानी ODOP से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा उपकरणों समेत विभिन्न उत्पादों को वैश्विक खरीदारों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष ‘एक जिला, एक व्यंजन’ पहल की भी शुरुआत की जा रही है।

आयोजकों के मुताबिक, ट्रेड शो में 2 हजार 400 से अधिक प्रदर्शकों, करीब डेढ़ लाख बिजनेस खरीदारों और साढ़े चार लाख से अधिक आम दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी आयोजन में हिस्सा लेंगे।

इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देश हैं। व्यापार और उद्योग में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए करीब 300 महिला प्रतिनिधियों के भी आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल होने की उम्मीद है।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए राज्य के उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के साथ निवेश और व्यापार के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।


Next Story
Share it