पांच माह से नहीं मिला है वेतन : आज से हिंदूराव अस्पताल में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर होंगे डॉक्टर

  • whatsapp
  • Telegram

बकाया वेतन और कर्मचारियों के अभाव की वजह से दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में उपचार मिलना मुश्किल हो सकता है। सोमवार से अस्पताल के डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है।

वहीं इस विरोध प्रदर्शन में अस्पताल के बाकी कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन दिया है। इन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बीते पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। जबकि डॉक्टरों को बीते दो महीने से वेतन नहीं दिया गया। दिवाली पर भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला जिसकी वजह से कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी पिछले कई दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक काम नहीं कर रहे हैं लेकिन अब तक उन्हें वेतन नहीं मिला है जिसकी वजह से डॉक्टरों ने निगम प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है।

डॉक्टर बोले- नहीं बचा कोई विकल्प

अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों का कहना है कि सोमवार से निगम के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। अस्पताल में पहले से स्टाफ की कमी है। इसके बाद भी उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने वेतन नहीं दिया। अब तक जो बचत थी उसकी वजह से घर का खर्चा चल गया लेकिन ऐसा कब तक चलेगा?




उधर कर्मचारियों को वेतन देने को लेकर निगम और दिल्ली सरकार के बीच भी आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। नगर निगम का कहना है कि दिल्ली सरकार से उन्हें बजट नहीं मिला है। जबकि सरकार का कहना है कि उन्होंने निगम का बजट काफी समय पहले ही उपलब्ध करा दिया है।

बहरहाल हालात ऐसे हैं कि सोमवार से हिंदूराव अस्पताल में मरीजों को उपचार लेने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और बाकी स्वास्थ्य कर्मचारी इत्यादि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं। ऐसे में यह भी स्थिति हो सकती है कि आने वाले दिनों में यहां भर्ती मरीजों को दूसरे अस्पतालों के लिए रैफर करना पड़े।

Next Story
Share it