गन और धन की शौकीन सपा को उत्तर प्रदेश की जनता खारिज कर चुकी है: स्वतंत्र देव सिंह

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
गन और धन की शौकीन सपा को उत्तर प्रदेश की जनता खारिज कर चुकी है: स्वतंत्र देव सिंह



लखनऊ/बनारस 04 मार्च 2022। मोदी जी काशी के सांसद और देश के अब तक के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। काशी मोदी जी के हृदय में रहता है और मोदी जी काशी और पूरे पूर्वांचल की चिंता चौबीस घंटे करते हैं। कैसे गरीब और किसान का जीवन आसान बने, इसकी चिंता करते हैं, योजनाएं बनाते हैं और उन्हें अमल में लाते हैं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को जनसभा में ये बातें कहीं। वह रॉबर्ट्सगंज विधानसभा के बिरधी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। श्री सिंह ने कहा कि आप कमल के निशान पर बटन दबाएंगे और 10 मार्च को सरकार बनते ही सपा होगी साफ और किसानों का बिजली बिल होगा माफ। योगी जी के दुबारा मुख्यमंत्री बनते ही किसानों का सिंचाई का बिजली बिल माफ हो जाएगा। इससे किसानों को बहुत बड़ी मदद मिलने वाली है। साल का हज़ारों रुपये जो सिंचाई के लिए बिजली बिल लगता था, वह अब नहीं लगेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धर्म और संस्कृति का ऐसा उत्थान हुआ है कि यूपी ही नहीं, पूरे देश में अब हिंदुओं के साथ सौतेला व्यवहार करने की किसी में हिम्मत नहीं। हिन्दू संस्कृति के गौरव को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने नई ऊंचाइयों पर पहुंच दिया है। एक तरफ काशी विश्वनाथ कॉरिडोर को देखने पूरी दुनिया से लोग उमड़ रहे हैं तो दूसरी तरफ प्रभु श्री राम की जन्मभूमि में गगनचुम्बी मंदिर का निर्माण हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में लगभग 15 साल लगातार सपा-बसपा की सरकारें रहीं। बीच में कुछ अवधि को छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस ने लंबे समय तक यहां शासन किया। लेकिन कभी गरीबों की कोई सुध नहीं ली। भाजपा ने 43 लाख पक्के मकान देकर एक झटके में गरीबों को लखपति बना दिया। उस पक्के मकान में पक्का शौचालय, उज्ज्वला का गैस कनेक्शन, फ्री बिजली कनेक्शन के साथ-साथ चौबीसो घंटे बिजली दी, गांव-गांव बिजली पहुंचाई। मोदी जी का नम्बर वन एजेंडा है गरीबों का जीवन आसान करना। योगी-मोदी ने आप लोगों को चुनाव के बाद होली-दीवाली पर एक-एक सिलेंडर देने के लिए कहा है। इधर चुनाव परिणाम आया और योगी सरकार बनते ही होली पर फ्री सिलेंडर आपके घर। गरीब बेटियों की शादी के लिए हम एक लाख रुपए की सहायता करेंगे और हमारी बेटियां फर्राटे से कॉलेज जा सके इसके लिए स्कूटी भी देंगे। इसके अलावा योगी जी की सरकार शासकीय नौकरियों में महिलाओं की संख्या दोगुनी करने जा रही है।

श्री सिंह ने कहा कि इस देश में भारत विरोधी ताकतें सक्रिय हैं जिनकी उत्तर प्रदेश चुनाव के परिणाम के साथ विदाई तय है। सपा और कांग्रेस की नीति परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद तथा तुष्टीकरण की नीति से सिर्फ सत्ता हथियाने की है। लेकिन अंतिम चरण के चुनाव में पूर्वाचंल ने भी अखिलेश यादव सहित पूरे विपक्ष को सबक सिखाने का मन बना लिया है। जनता ने श्री राम के विरोधियों और गुंडों व माफिया को संरक्षण देने वाले तथा आतंकियों व दंगाइयों को गले लगाने वाले दलों एवं उनके नेताओं को नसीहत देने की ठान ली है।

उन्होंने कहा कि सपा ने पांच साल में गुंडागर्दी और आतंक का अंधेरा कायम कर दिया था। बहन-बेटियों की सुरक्षा की सपा को कभी कोई फिक्र नहीं हुई। सपा के नेता आंखें बंद किए बैठे रहे। भाजपा सरकार आयी और योगी का बुल्डोज़र अपराधियों पर चला। आज किसी में हिम्मत नहीं कि हमारी बहन-बेटी पर निगाह भी डाल ले। सीधा जेल होगी। प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गन और धन की शौकीन सपा को उत्तर प्रदेश की जनता खारिज कर चुकी है।


Next Story
Share it