नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा विश्व के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय रंगमंच उत्सव भारत रंग महोत्सव के 25वें संस्करण का आयोजन आज से कर रहा है जो 20 फरवरी तक चलेगा।
इस संस्करण के तहत भारत रंग महोत्सव देशभर के 40 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सातों महाद्वीपों के कम-से-कम एक-एक देश की नाट्य प्रस्तुतियां भी इसमें शामिल होंगी, जिससे महोत्सव की वैश्विक पहुंच और सांस्कृतिक प्रभाव और मजबूत होगा।
महोत्सव के दौरान कुल 277 भारतीय प्रस्तुतियां जिनमें 136 चयनित नाटक और आमंत्रित प्रस्तुतियां शामिल हैं और 12 अंतर्राष्ट्रीय प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। ये प्रस्तुतियां 228 भारतीय और विदेशी भाषाओं- बोलियों में होंगी।
यह संस्करण मैथिली, भोजपुरी, तुलु, उर्दू, संस्कृत, ताई खामती, निशि जैसी भाषाओं के साथ-साथ लगभग सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं और कई जनजातीय व लुप्तप्राय भाषाओं में प्रदर्शन के साथ अपने भाषाई और सांस्कृतिक पहुंच का विस्तार करता है।