युवाओं पर केंद्रित मनोरंजक ड्रामा 'लवपंती'

Update: 2021-11-16 10:49 GMT


युवाओं पर केंद्रित मनोरंजक ड्रामा 'लवपंती' हाल ही में लाॅच हुआ है। रात आठ बजे से आज़ाद चैनल पर प्रसारित हो रहे इस शो लवपंती के मुख्य किरदार अर्जुन को अपने पिता द्वारा तय किए गए दायरों के भीतर रहना सिखाया गया है। यहां तक कि उसके सपने भी उसके माता-पिता ने तय किए हैं और उसने उसी के अनुसार अपने जीवन को स्वीकार किया है। लवपंती की कहानी इस बारे में है कि कैसे यह आम लड़का उस स्थिति में पहुंच जाता है, जब उसे पता चलता है कि वो प्यार में है। एक पारंपरिक ब्राह्मण परिवार में पले-बढ़े अर्जुन को रंजना से प्यार हो जाता है, जो एक ठाकुर परिवार की प्रगतिशील सोच वाली लड़की है। अर्जुन से उसके पिता की तरह एक मंदिर का पुजारी यानी 'पंडित' बनने की उम्मीद की जाती है। अर्जुन ने अपने परिवार द्वारा निर्धारित सभी नियमों का लगन से पालन किया है। लेकिन उनके सबसे बड़े नियम को ही तोड़ देता है। उसे प्यार हो जाता और वो अपनी पसंद की लड़की से शादी करता है, वो भी ठाकुर परिवार की लड़की से। घटनाओं के एक नाटकीय मोड़ पर उनका 'तथाकथित' प्रेम प्रसंग खुलकर सामने आता है।

लवपंती में अर्जुन पांडे का रोल कर रहे हैं गौरव सरीन। अर्जुन पांडे एक साधारण लड़का है, जो अपने परिवार को खुद से ज्यादा प्यार करता है। उसके लिए उसके परिवार की खुशी से ज्यादा महत्वपूर्ण कुछ नहीं है। वो हमेशा अपने परिवार द्वारा तय मापदंडों पर खरा उतरने की कोशिश करता है, लेकिन ऐसा करते समय हमेशा कुछ गलतियां कर बैठता है। वो एक समर्पित इंसान है और वो जो भी काम हाथ में लेता है, उसे पूरा करता है। अर्जुन को जीवन में हमेशा बहुत संघर्ष के बाद कुछ भी मिलता है। लेकिन वो जिंदगी में हार नहीं मानना चाहता।

रंजना सिंह की भूमिका में होंगी तृप्ति शर्मा। रंजना आज की मॉडर्न लड़की है। वो एक मजबूत पारिवारिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखती हैं और यही बात उनके आत्मविश्वास से साफ झलकती है। रंजना एक निडर लड़की है और अपने सिद्धांतों पर अपना जीवन जीना चाहती है। वो कभी किसी को दुख नहीं पहुंचाती। वो हमेशा खुश रहती है, फिल्में देखती है और हीरो की एंट्री पर सीटी बजाती है। रंजना के लिए जिंदगी में उनकी खुशियां बेहद जरूरी हैं। वो स्वार्थी नहीं है, लेकिन वो खुशी चाहती है और उसे नहीं लगता कि इसमें कुछ भी गलत है। आज की आधुनिक लड़की होने के बावजूद, वो जड़ से जुड़ी है। केदारनाथ सिंह की भूमिका होंगे मनीष खन्ना, जबकि देवी सिंह के किरदार को निभायेंगी स्मिता डोंगरे। इसी तरह दीनानाथ पांडे की भूमिका का निर्वाह करेंगे प्रमोद शर्मा। सुधा पांडे का रोल कर रहीं हैं अमनदीप सोही।

Tags:    

Similar News