इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) का 52वां संस्करण एक भव्य समारोह साबित हुआ, जहां टॉप बॉलीवुड सितारों ने भारत की आज़ादी के 75 वर्षों, देश की विविधता और भारतीय सिनेमा के विकास का जश्न मनाया। 'इंडिया 75' नाम की इस शाम को करण जौहर और मनीष पॉल ने होस्ट किया। सितारों से सजे इस प्रतिष्ठित समारोह में सलमान खान, रणवीर सिंह, श्रद्धा कपूर, रितेश एवं जेनेलिया देशमुख और मौनी रॉय ने अपनी परफॉर्मेंस से मंच की रौनक बढ़ा दी। इस समारोह में भारतीय सिनेमा को एक ट्रिब्यूट यानी कि 'सिने सलाम' दिया गया। इस समारोह का प्रसारण दो जनवरी को रात आठ बजे ज़ी सिनेमा और ज़ी टीवी पर किया जाएगा। इस फिल्म समारोह में चार चांद लगाते हुए मौनी रॉय भारत की विविध संस्कृतियों और देश के अलग-अलग रंगों और स्वाद की झलक दिखाएंगी। मौनी रॉय 'वंदे मातरम', 'शुभारंभ' और 'जिया जले' जैसे गानों पर अपनी आकर्षक परफॉर्मेंस से सभी का दिल जीत लेंगी।
अपनी परफॉर्मेंस को लेकर मौनी रॉय ने कहा, ''भारत की स्वाभाविक विविधता के चलते सिनेमा हमारी समृद्ध संस्कृति का सबसे करीबी झरोखा बन गया है। आज सिनेमा यकीनन सबसे प्रभावशाली माध्यम है, जिसमें संगीत, डांस, स्टोरी टेलिंग जैसी अलग-अलग तरह की कलाओं का संगम है।
व्यक्तिगत तौर पर मैं अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए डांस पसंद करती हूं, क्योंकि डांस की सुंदरता, अनकहे विचार और खुद को अभिव्यक्त करने की सरलता इसका अनुभव बढ़ा देते हैं। मेरी परफॉर्मेंस में भारत के अलग-अलग रंग और क्षेत्रीय स्वाद नजर आएंगे। इसमें अनेकता में एकता, भारतीय सिनेमा का अटूट हौसला और इसके अनंत आकर्षण का उत्सव होगा।''