अजय देवगन की मैदान का नया पोस्टर जारी, सात मार्च को रिलीज होगा फिल्म का ट्रेलर
अजय देवगन इन दिनों फिल्म शैतान को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म के अलावा उनकी झोली में एक और चर्चित फिल्म मैदान है। अभिनेता ने मैदान का नया पोस्टर आज फैंस के साथ साझा किया है। इसके अलावा फिल्म की ट्रेलर रिलीज डेट से भी पर्दा उठाया है।
इस फिल्म का ट्रेलर सात मार्च को दस्तक देगा।अजय देवगन ने फिल्म का नया पोस्टर साझा कर लिखा है, एक व्यक्ति, एक टीम, एक राष्ट्र और उस अटूट विश्वास की असाधारण कहानी का गवाह बनें, जिसने फुटबॉल के इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी! मैदान के नए पोस्टर ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। अमित शर्मा के डायरेक्शन में बनी मैदान वर्ष 1952 और 1962 के बीच भारतीय फुटबॉल के स्वर्णिम युग पर आधारित है।
बोनी कपूर और जी स्टूडियोज के जरिए निर्मित मैदान में अजय देवगन तत्कालीन भारतीय फुटबॉल टीम के कोच रहे सैय्यद अब्दुल रहीम की भूमिका में नजर आने वाले हैं। मैदान में अजय देवगन के अलावा प्रियामणि और गजराज राव जैसे सितारे भी मुख्य भूमिका में हैं।अजय देवगन की मैदान लंबे वक्त से रिलीज के लिए अटकी हुई है। इस फिल्म का एलान 2018 में किया गया था। 2019 में इसकी रिलीज की उम्मीद थी।
कई बार इसकी रिलीज डेट सामने आई और हर बार टल गई। करीब चार साल के इंतजार के बाद इस साल ईद पर यह फिल्म दस्तक देने वाली है।अजय देवगन की फिल्म शैतान भी रिलीज की कतार में है। शैतानी शक्तियों पर आधारित यह फिल्म 8 मार्च 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इसमें अजय देवगन के साथ आर.माधवन अहम भूमिका में हैं। माधवन फिल्म में नेगेटिव किरदार निभाते दिखेंगे।