छोटे पर्दे पर काशीबाई बाजीराव बल्लाल की कहानी

Update: 2021-11-17 10:35 GMT


बीते कुछ वर्षों में ज़ी टीवी ने अपने दर्शकों को भारत के सबसे कुशल शासकों और शाही हस्तियों की प्रेरणादायक कहानियां दिखाईं, जिनका हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर गहरा प्रभाव रहा है। अपने दर्शकों को जोधा अकबर और झांसी की रानी की यात्राओं से रूबरू कराने के बाद अब ज़ी टीवी साल 2021 का सबसे बड़ा ऐतिहासिक महाधारावाहिक लेकर आ रहा है, जिसमें मराठा साम्राज्य की सबसे प्रतिष्ठित महिलाओं में से एक, पेशवा बाजीराव बल्लाळ की पत्नी काशीबाई बाजीराव बल्लाळ की अनकही कहानी प्रस्तुत की जाएगी।

18वीं सदी में मुगल काल की समाप्ति के बाद के समय पर आधारित यह शो लाड़-प्यार में पली एक नन्हीं लड़की का सफर दर्शाता है, जो आगे चलकर एक कुशल एवं उत्कृष्ट शासक बनीं और पेश्विन बाई कहलाईं। वो उस वक्त किले की रक्षा करती थीं, जब बाजीराव मराठा साम्राज्य का विस्तार कर रहे थे। इस शो में 9 साल की प्यारी आरोही पटेल नन्हीं काशीबाई का रोल निभा रही हैं। दूसरी ओर, मराठा योद्धा पेशवा बाजीराव का रोल निभा रहे हैं आकर्षक यंग बॉय वेंकटेश पांडे, जो ज़ी टीवी के डीआईडी लिटिल मास्टर्स में पहले ही अपनी एक खास पहचान बना चुके हैं। काशीबाई और बाजीराव के हजारों रंग समेटता यह शो दिखाएगा कि कैसे भाग्य इन दोनों शासकों को उनकी शुरुआती उम्र में मिलवाता है, उनके बीच का अनोखा तालमेल कैसा था और कैसे उन दोनों के मिलन ने मराठा साम्राज्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

आरोही पटेल ने कहा, ''यह मेरा अब तक का पहला शो है और मैं हमारे देश के गौरवशाली इतिहास का इतना प्रतिष्ठित किरदार निभाने को लेकर बेहद रोमांचित हूं। मैंने इस शो के एक सीक्वेंस के लिए घुड़सवारी भी सीखी है।'' वेंकटेश पांडे ने कहा, '' मुझे गर्व है कि मुझे महान मराठा शासक बाजीराव का महत्वपूर्ण किरदार निभाने का मौका मिला। मैं पहली बार किसी शो में लीड रोल निभाने जा रहा हूं, तो मेरे लिए यह एक बड़ी चुनौती है।''

ज़ी टीवी की बिजनेस हेड अपर्णा भोसले ने कहा, ''हमारा उद्देश्य है कि हम काशीबाई के परोपकार और भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं इतिहास में उनके अमूल्य योगदान की कहानी देश की सबसे नई पीढ़ी तक पहुंचाएं और लाखों लोगों को प्रेरित करते रहें। हमें खुशी है कि इसके लिए हमें चास्कर परिवार का आशीर्वाद मिला, जो काशीबाई के वंशज हैं।'' गौरतलब है कि काशीबाई बाजीराव बल्लाल शो का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार रात आठ बजे ज़ी टीवी पर होगा।

Tags:    

Similar News