डलहौजी के संघणी बाजार में भीषण अग्निकांड, छह दुकानें और दो मंजिला मकान जलकर राख
SHABD,Shimla, November 26,
चंबा जिला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज इलाके संघणी बाजार में देर रात अचानक आग लगने से भीषण अग्निकांड हो गया। आग की चपेट में आने से बाजार की छह दुकानें और एक दो मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन दमकल विभाग के पहुंचने तक आग काफी नुकसान कर चुकी थी। इस अग्निकांड ने कई लोगों के सामने रोजी-रोटी और आशियाने का संकट खड़ा कर दिया है। जहां कुछ दुकानदारों का रोजगार पूरी तरह खत्म हो गया, वहीं एक परिवार को अपना मकान भी गंवाना पड़ा है।
घटना के बाद प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है, जो नुकसान का आकलन करेगी। आकलन रिपोर्ट के आधार पर राजस्व मैनुअल के तहत प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। कार्यकारी एसडीएम अनिल भारद्वाज ने भी इस अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है।