बैठक में पीएम मोदी ने कोरोना से लड़ाई में लापरवाही नहीं बरतने के दिए निर्देश....
देश में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों ने केंद्र सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई है। पीएम मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि हमें हर हाल में कोरोना महामारी को हराना होगा और इसके लिए मांस्क को लेकर गंभीरता अभी भी बहुत जरूरी है।
इस बैठक में पीएम मोदी ने देश में कोरोना की स्थिति का जायजा लिया और दो महीने पहले शुरू हुए देश के टीकाकरण अभियान की प्रगति का आकलन किया। पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और पंजाब जैसे कई राज्यों में संक्रमण की दर लगातार बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कोरोना की इस लहर को यहीं नहीं रोका गया, तो देशव्यापी असर देखने को मिल सकता है।
पीएम ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि 'कोरोना की लड़ाई में हम आज जहां तक पहुंचे हैं, उससे आया आत्मविश्वास, लापरवाही में नहीं बदलना चाहिए. हमें जनता को पैनिक मोड में भी नहीं लाना है और परेशानी से मुक्ति भी दिलानी है।'
उन्होंने कहा कि हर संक्रमित व्यक्ति के संपर्क को कम से कम समय में ट्रैक करना और आरटी-पीसीआर टेस्ट रेट 70 प्रतिशत से ऊपर रखना बहुत अहम है। पीएम ने छोटे शहरों में टेस्टिंग बढ़ाने पर भी जोर दिया। इस मीटिंग में देश में कोविड से जुड़े आंकड़े भी पेश किए गए, जिसमें बताया गया है कि वर्तमान में देश के 70 जिलों में कोविड 150 फीसदी से ज्यादा बढ़ा है।
अराधना मौर्या