सेहत में सुधार के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सभी का ट्वीट कर जताया आभार...
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बृहस्पतिवार को कहा कि हृदय की बाईपास सर्जरी के बाद उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। उन्होंने चिकित्सकों एवं देखरेख करने वालों को धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि वह देशभर और विदेशों से नागरिकों एवं नेताओं के संदेशों से अभिभूत हैं जिनमें उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है। कोविंद ने कहा, इसके लिए आप सभी का शब्दों के माध्यम से आभार प्रकट करना कठिन है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हाल ही में कोरोना वैक्सीन लगवाई थी। राष्ट्रपति ने आरआर अस्पताल में COVID-19 वैक्सीन की पहली डोज ली थी। वो अपनी बेटी के साथ अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने कोरोना वैक्सीन लगवाई थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की तबीयत 26 मार्च को अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें पहले दिल्ली के आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका रूटिन चेकअप हुआ। बाद में 27 मार्च को डॉक्टरों ने उन्हें एम्स रेफर कर दिया। वो तब से ही एम्स में भर्ती थे और वहीं से सारा काम संभाल रहे थे।
अराधना मौर्या