कोरोना कहर के बीच वायुसेना ने संभाला मोर्चा, मरीजों तक सांसे पहुंचाने का किया काम....

Update: 2021-04-23 12:46 GMT



भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है और नए मामले तेजी से बढ़ने के साथ-साथ मौत के आंकड़ों में भी बढ़ोतरी हो रही है. वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देशभर में कोविड-19 के सारे रिकॉर्ड टूट गए. बीते 24 घंटे के दौरान 3 लाख 32 हजार 503 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए वहीं 2256 की मौत हो गई. संकट की इस घड़ी से देश को बाहर निकालने के लिए भारतीय वायु सेना, सरकार और देश की जनता की मदद के लिए आगे आई है.

भारतीय वायुसेना के दो C17 विमानों ने दो बड़े ऑक्सीजन कंटेनर्स, IL 76 ने एक खाली कंटेनर को बंगाल के पन्नागढ़ पहुंचाया. इन तीनों कंटेनर्स को ऑक्सीजन से भरा जाएगा और दिल्ली लाया जाएगा. वायुसेना की ओर से ऑक्सीजन की सप्लाई को पूरा करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह का ऑपरेशन चलाया जाएगा.

बता दें कि भारत मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की भारी कमी का सामना कर रहा है और देशभर के कई अस्पताल अब दहशत की स्थिति में आ गए हैं. कल वायु सेना ने अपने एक ट्वीट में कहा था, 'कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में वायु सेना का परिवहन बेड़ा सहयोग कर रहा है.

देशभर में चिकित्सा सुविधाओं को पहुंचाने और कोविड अस्पतालों के निर्माण के लिए वह चिकित्साकर्मियों, उपकरणों व दवाओं को एयरलिफ्ट कर रहा है.' इसी के साथ ही एयरफोर्स 23 मोबाइल ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट्स को जर्मनी से एयरलिफ्ट करेगी, ताकि अस्पतालों के नजदीक इन्हें लगाया जा सके और ऑक्सीजन की सप्लाई को सुचारू रूप से चालू रखा जाए.

अराधना मौर्या

Similar News