पुरी में रथ यात्रा का दूसरा दिन, 10 लाख से ज्यादा जुटे श्रद्धालु

Update: 2025-06-28 06:50 GMT



ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। 12 दिन चलने वाली रथ यात्रा का आज दूसरा दिन है। आज फिर से भगवान जगन्नाथ को मौसी के घर ले जाने के लिए रथ खींचे जा रहे हैं। यह भव्य यात्रा पुरी के जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर गुंडिचा मंदिर तक जाती है।

जगन्नाथ रथ यात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इसको लेकर देश विदेश से भक्त इन दिनों पुरी पहुंच रहे हैं। इस दौरान भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज गुंडिचा मंदिर पहुंच गया है। इसके बाद देवी सुभद्रा का दर्पदलन रथ पहुंचने वाला है। वहीं तीनों रथों में सबसे पीछे भगवान जगन्नाथ का नंदीघोष रथ चल रहा है।

पुरी रथ यात्रा में 10 लाख से अधिक भक्त पहुंचे हैं। भक्तों की भीड़ की वजह से रथ रुक-रुककर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्य मंदिर से गुंडिचा मंदिर करीब 3 किमी दूर है। ये भगवान की मौसी का घर है। हर साल महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा 9 दिनों तक यहां रहते हैं। इसके बाद बहुड़ा यात्रा के रूप में अपने मुख्य मंदिर लौट आते हैं। बहुड़ा यात्रा 5 जुलाई को निकलेगी।

इस बीच, रथ यात्रा के लिए पुरी जिला पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन की ओर से भीड़़ प्रबंधन की विशेष तैयारियां की हैं। अतिरिक्त पुलिस बल, एआई‑सक्षम सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, चिकित्सा स्टाफ और पानी की व्यवस्था की गई है, ताकि इस महापर्व के दूसरे चरण को सुरक्षित रूप से संपन्न किया जा सके।

Similar News