वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में 81 अरब 4 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज
भारत में वित्त वर्ष 2024-25 में 81 अरब 4 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ है। यह वित्त वर्ष 2023-24 के 71 अरब 28 करोड़ डॉलर की तुलना में 14% अधिक है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि 2024-25 में कुल निवेश का सेवा क्षेत्र में सर्वाधिक 19%, कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में 16% और ट्रेडिंग में 8% निवेश हुआ।
सेवा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश भी पिछले वर्ष के 6 अरब 64 करोड़ डॉलर से 40.77% बढ़कर 9 अरब 35 करोड़ डॉलर हो गया। भारत विनिर्माण क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का केंद्र भी बन रहा है जो वित्त वर्ष 2024-25 में 18% बढ़कर 19 अरब 4 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि 2023-24 में यह 16 अरब 12 करोड़ डॉलर था। सरकार ने निवेशक अनुकूल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नीति लागू की है, जिसके तहत अधिकांश क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के शत-प्रतिशत मार्ग खुल गए हैं।