कोरोना कहर के बीच थोड़ी राहत, भारत में 24 घंटे में साढ़े 3 लाख से ज्यादा मरीज़ हुए ठीक.....
कोरोना वायरस कहर के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में पाबंदियों का असर दिखने लगा है. भारत में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी देखने को मिल रही है. शुक्रवार को देश में कोरोना संक्रमण के 326,123 नए मामले सामने आए हैं, जो इस महीने यानी मई में सबसे कम है. वहीं महामारी से मरने वालों की संख्या 3879 रही. वर्ल्डोमीटर के आंकड़ों के मुताबिक, राहत की बात है कि इस महीने कोरोना के रोजाना आने वालों मामलों में सबसे कम केस शुक्रवार को ही आए हैं.
इससे पहले 10 मई को 3 लाख 29 हजार नए केस आए थे. महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक समेत कई अन्य राज्यों में कोरोना के मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है.
बता दें कि कोविड-19 की दूसरी लहर में ग्रामीण क्षेत्रों से काफी संख्या में मामले आ रहे हैं. कोविड-19 संक्रमण की पहली लहर में शहरी क्षेत्र प्रभावित हुआ था, लेकिन इस बार काफी संख्या में मामले ग्रामीण क्षेत्रों से आ रहे हैं तथा कुछ गांवों में संक्रमण की दर 25 प्रतिशत तक दर्ज की गई है. वहीं पूरे विश्व में कोरोनावायरस के मामले 16.15 करोड़ के पार हो गए है, जबकि मौतों की संख्या बढ़कर 33.5 लाख से ज्यादा हो गई है.
यह आंकड़े जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय ने साझा किए हैं. शनिवार की सुबह अपने नवीनतम अपडेट में, यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग ने खुलासा किया कि वर्तमान वैश्विक मामले और मरने वालों की संख्या क्रमश: 161,548,671 और 3,352,915 हो गई है.
अराधना मौर्या