नीति आयोग आज प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के शासन अनुभवों पर राष्ट्रीय कार्यशालाओं की श्रृंखला शुरू करेगा
नीति आयोग आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्षों के अनुभवों से सीख लेने के उद्देश्य से पांच राष्ट्रीय कार्यशालाओं की श्रृंखला शुरू करेगा। इन कार्यशालाओं में पांच प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें मिशन के रूप में नेतृत्व, परिणाम देने वाला सुशासन, समावेशी विकास, सभ्यतागत पहचान और वैश्विक भूमिका में भारत शामिल हैं।
पहली कार्यशाला ‘मिशन के रूप में नेतृत्व’ आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी। इसमें वर्ष 2001 के भूकंप के बाद कच्छ के पुनर्निर्माण, कोविड महामारी के दौरान भारत की प्रतिक्रिया, लखपति दीदी पहल और अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोलने सहित प्रमुख शासन संबंधी पहलों के अनुभव साझा किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष सात अक्टूबर को शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे किए। उन्होंने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार पदभार संभाला था और इस पद पर 12 वर्ष से अधिक समय तक रहे। मई 2014 में वे देश के प्रधानमंत्री बने और लगातार तीसरी बार इस पद पर कार्यरत हैं। नीति आयोग के अनुसार, यह भारत में किसी निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में सबसे लंबे समय तक लगातार कार्य करने का रिकॉर्ड है।
इस अवधि में शासन का दृष्टिकोण ‘प्रधान सेवक’ के सिद्धांत पर आधारित रहा है। इसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि सरकार का प्रत्येक पद नागरिकों की सेवा के लिए है। अंत्योदय, जनभागीदारी और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के सिद्धांतों को भी इस दृष्टिकोण के प्रमुख आधार के रूप में रेखांकित किया गया है।
वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य, स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ते देश के विकास के लिए दीर्घकालिक दिशा तय करता है।
इस कार्यशाला श्रृंखला का उद्देश्य इन अनुभवों के दस्तावेज को केस स्टडी, शोध पत्रों तथा अध्ययन सामग्री के रूप में तैयार करना है। इससे सिविल सेवकों, शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को लाभ मिलेगा।