एस जयशंकर ने यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के समकक्षों से की मुलाकात

Update: 2026-03-17 04:51 GMT


विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों के समकक्षों से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया में वैश्विक तनाव के मुद्दों पर चर्चा की तथा यूरोप के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने पर बल दिया।

साथ ही, बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर विचार-विमर्श हुआ। मुक्त व्यापार समझौते के अलावा भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में सुरक्षा और रक्षा साझेदारी व आवागमन पर सहयोग के लिए व्यापक ढांचा तैयार किया गया।

वहीं, यूरोपीय संघ ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा और यूरोपीय सुरक्षा रणनीति पर भी चर्चा की। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स के दो-दिवसीय दौरे पर पहुंचे जयशंकर ने ईयू के विदेश मामलों की परिषद की बैठक में भाग लिया। जनवरी में भारत और यूरोपीय संघ के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यह भारत की ब्रसेल्स स्थित यूरोपीय संघ में पहली उच्च स्तरीय यात्रा है।

इस दौरान जयशंकर ने जर्मनी, स्लोवाकिया, ग्रीस और नीदरलैंड के विदेश मंत्रियों से भी मुलाकात की। स्लोवाकिया के विदेश मंत्री के साथ बैठक में विनिर्माण, रक्षा, अंतरिक्ष सहित द्पिक्षीय एजेंडे पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि उनकी बातचीत में विशेष रूप से व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, आवागमन और रक्षा पर चर्चा हुई। जयशंकर ने आगे कहा कि बहुध्रुवीय विश्व में भारत और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत तालमेल, उनके निरंतर जारी करीबी परामर्शों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

Similar News