राज्यसभा में आज CAPF से जुड़ा अहम विधेयक पेश होगा

Update: 2026-03-23 05:18 GMT




संसद के बजट सत्र के दौरान आज दोनों सदनों में कई अहम विधेयक सूचीबद्ध हैं। राज्यसभा में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। इस विधेयक का उद्देश्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में ग्रुप 'ए' सामान्य ड्यूटी अधिकारियों और अन्य अधिकारियों की भर्ती और सेवा शर्तों से संबंधित नियमों को विनियमित करना है। इस विधेयक के माध्यम से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), यानी CRPF, BSF, ITBP और SSB के लिए एक एकीकृत कानून तैयार होगा।

इसके साथ ही भर्ती, पदोन्नति और सेवा नियमों को एक समान करना भी विधेयक का उद्देश्य है। साथ ही, इसके माध्यम से वरिष्ठ पदों पर IPS अधिकारियों की नियुक्ति का ढांचा भी तय होगा। यह विधेयक आंतरिक सुरक्षा और पैरामिलिट्री फोर्सेज के ढांचे में बड़ा बदलाव लाएगा।

इसके साथ ही विनियोग (संख्यांक 2) विधेयक, 2026 विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इस विधेयक को पेश करेंगी। यह विधेयक वित्त वर्ष 2026-27 की सेवाओं के लिए भारत की संचित निधि से कुछ राशियों के भुगतान और विनियोजन को अधिकृत करने से संबंधित है। यह विधेयक लोकसभा से पहले ही पारित हो चुका है।

Similar News