प्रधानमंत्री पहुंचे शीशगंज गुरुद्वारा, नहीं थे सुरक्षा के VVIP बंदोबस्त....
.
गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के मौके पर आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित शीश गंज साहिब गुरुद्वारा पहुंचे. यहां उन्होंने पूजा और प्रार्थना की. शीश गंज गुरुद्वारा पीएम मोदी बिना सुरक्षा रूट और स्पेशल व्यवस्था के पहुंचे थे.
सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के समापन कार्यक्रम में पीएम मोदी आज सुबह गुरुद्वारा श्री शीशगंज साहिब पहुंचे. बता दें कि पहले भी प्रधानमंत्री कई मौके पर गुरुद्वारे में मत्था टेकने पहुंचे हैं.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाशोत्सव के विशेष अवसर पर मैं श्री गुरु तेग बहादुर जी को नमन करता हूं. उनके साहस और दलितों की सेवा के उनके प्रयासों के लिए उन्हें विश्व स्तर पर सम्मानित किया जाता है. उन्होंने अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दिया था. उनका सर्वोच्च बलिदान कई लोगों को शक्ति और प्रेरणा देता है.
जानकारों की मानें तो इस समय जहां पर शीशगंज गुरुद्वारा बना है वहां मुगल बादशाह औरंगजेब के कहने पर एक जल्लाद ने श्री गुरु तेग बहादुर के साथ उनके शिष्यों का गला काट दिया था. औरंगजेब की ओर से धर्म परिवर्तन के नाम पर कई तरह के प्रलोभन भी दिए गए थे और बाद में गुरु तेग बहादुर के सामने उनके शिष्यों को मौत के घाट उतार दिया गया. इसके बाद भी उन्होंने साफ कहा था कि शीश कटा सकते हैं पर केश नहीं. इसके चलते यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा विश्व भर के लोगों की श्रद्धा का केंद्र है.
अराधना मौर्या