नई दिल्ली: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से की मुलाकात
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने चाबहार बंदरगाह की पूरी क्षमता का दोहन करने में सहयोग का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने न केवल लंबे समय से मित्रता बनाए रखी है, बल्कि क्षेत्रीय शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम भी किया है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के विशेष अवसर पर हो रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि इन 75 वर्षों में दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग, व्यापार और ऊर्जा साझेदारी, क्षेत्रीय और वैश्विक मंचों पर रणनीतिक समन्वय जैसे विविध क्षेत्रों में संबंध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान की मजबूत नींव पर बने हैं।