केंद्रीय कृषि मंत्री कर्नाटक के दौरे पर, किसानों से करेंगे संवाद

Update: 2025-06-08 06:33 GMT


केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे, जहां वह बेंगलुरू में किसानों से संवाद करेंगे। यह संवाद 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' के तहत होगा, जो 29 मई से शुरू हुआ था और 12 जून तक चलेगा। इस 15 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री 20 राज्यों का दौरा करेंगे।

'विकसित कृषि संकल्प अभियान' एक राष्ट्र-एक कृषि-एक टीम के मंत्र के साथ कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् द्वारा आयोजित एक अनूठी पहल है। इस अभियान में किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सार्थक संवाद हो रहा है, जिससे लाखों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

पिछले दस दिनों में 1896 दलों ने 8188 गांवों में 895944 किसानों से बातचीत की है। कर्नाटक में भी वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों की 70 से अधिक टीमें किसानों के खेतों का दौरा कर रही हैं। ये टीमें किसानों से मिलकर उनके मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा कर रही हैं, जिससे अनुसंधान कार्यक्रमों को किसान केंद्रित बनाया जा सके।

आईसीएआर का प्रमुख संस्थान, भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (ICAR-IIHR) इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस संस्थान ने फल, सब्जी, फूल, औषधीय पौधों और मशरूम पर लगभग छह दशकों से शोध किया है, जिसके फलस्वरूप 327 किस्में और 154 तकनीकें विकसित की गई हैं।

आज केंद्रीय कृषि मंत्री बेंगलुरू में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्नाटक के करीब पांच सौ किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे किसानों से प्रतिक्रिया भी लेंगे और कर्नाटक स्थित आईसीएआर संस्थानों द्वारा प्रदर्शित नई कृषि तकनीकों का अवलोकन करेंगे।


Similar News