अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उनके शव की पहचान रविवार को हुई। आज शव परिजन को सौंपा जाएगा, जिसे चार्टर्ड प्लेन से राजकोट ले जाया जाएगा। दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार होगा।
गृह मंत्री अमित शाह, रूपाणी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। गुजरात में आज एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
विजय रूपाणी एअर इंडिया के बोइंग 787 विमान से अहमदाबाद से लंदन अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। लेकिन, वह विमान हादसे के शिकार हो गए। विमान हादसे के बाद अब तक कुल 80 शवों की पहचान की गई है, जबकि इनमें से 33 के शव उनके परिजन को सौंप दिए गए हैं।