चारधाम यात्रा पर प्रतिबंध हटा, अब ये निर्देश हुए जारी

Update: 2025-06-30 05:58 GMT


रविवार को भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए चारधाम यात्रा को रोका गया था। 24 घंटे तक चारधाम यात्रा पर लगाए गए प्रतिबंध को अब हटा दिया गया है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने यह जानकारी दी है। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पड़ने वाले जिलों के जिलाधिकारियों को अपने-अपने यहां मौसम की स्थिति के आधार पर वाहनों को रोकने के निर्देश भी दिये हैं।



इधर, रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण संभावित आपदा की आशंका को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन की ओर से विभिन्न स्थलों पर जाकर नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।



भारी बारिश की संभावना को देखते हुए, आज प्रदेश में शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाडी केन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 जून, 2025 को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का रेड अर्लट जारी किया गया है। ऐसे में आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत प्रदेश के कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाडी केन्द्रों में आज एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के शासकीय/गैर शासकीय एवं निजि स्कूलों के साथ सभी आंगनबाडी केन्द्र आज बन्द रहेंगे।

Similar News